ipl 2026: आईपीएल 2026 का काउंटडाउन शुरू हो चुका है। 28 मार्च से शुरू होने जा रहे इस बड़े टूर्नामेंट में 10 टीमें खिताब के लिए भिड़ेंगी। लेकिन लीग के शुरुआती मुकाबलों में ही एक ऐसा मैच है,जिस पर सबकी नजरें टिकी हैं। वो है राजस्थान रॉयल्स बनाम चेन्नई सुपर किंग्स।
30 मार्च को गुवाहाटी में होने वाला यह मुकाबला सिर्फ एक मैच नहीं,बल्कि इमोशन, बदलाव और नए रिश्तों की कहानी भी है। वजह है बड़ा ट्रेड- संजू सैमसन जो पहले राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते थे, इस सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स की तरफ से उतरेंगे जबकि सालों-साल चेन्नई टीम का अहम हिस्सा रहे रवींद्र जडेजा राजस्थान रॉयल्स की जर्सी में नजर आएंगे।
सोच समझकर राजस्थान टीम से हटा: संजू
मैच से पहले संजू सैमसन ने पहली बार राजस्थान रॉयल्स छोड़ने पर खुलकर बात की। उन्होंने साफ कहा कि यह फैसला भावनाओं से नहीं, बल्कि सोच-समझकर लिया गया था।
सैमसन ने कहा, 'यह पहली बार होगा जब मैं राजस्थान के खिलाफ खेलूंगा, लेकिन मैदान पर मैं भावनाओं को हावी नहीं होने देता। मैंने टीम इसलिए छोड़ी क्योंकि मुझे लगा कि अब मेरा समय वहां पूरा हो चुका था। अब जब उनके खिलाफ खेलूंगा, तो अपना बेस्ट दूंगा।'
संजू सैमसन लंबे समय तक राजस्थान रॉयल्स का चेहरा रहे। कप्तानी से लेकर बल्लेबाजी तक, उन्होंने टीम को कई बार मुश्किल हालात से निकाला। ऐसे में उनका टीम छोड़ना फैंस के लिए बड़ा झटका था। अब वही सैमसन जब चेन्नई की जर्सी में राजस्थान के खिलाफ उतरेंगे, तो मुकाबला और भी दिलचस्प हो जाएगा।
जडेजा भी सीएसके का अहम हिस्सा थे
दूसरी तरफ, जडेजा के लिए भी यह मैच खास होने वाला है। जडेजा कई सालों तक चेन्नई सुपर किंग्स के अहम खिलाड़ी रहे और टीम की सफलता में बड़ा रोल निभाया। दिलचस्प बात यह है कि जडेजा ने अपने आईपीएल करियर की शुरुआत राजस्थान रॉयल्स के साथ ही की थी। ऐसे में एक तरह से यह उनकी ‘घर वापसी’ भी मानी जा रही है।
राजस्थान रॉयल्स इस सीजन में अपना दूसरा खिताब जीतने के इरादे से उतरेगी और जडेजा जैसे अनुभवी खिलाड़ी से टीम को काफी उम्मीदें होंगी। वहीं चेन्नई सुपर किंग्स सैमसन के साथ अपनी बल्लेबाजी को और मजबूत बनाना चाहेगी।
आईपीएल का यह 19वां सीजन कई नई कहानियों के साथ शुरू हो रहा है, लेकिन राजस्थान बनाम चेन्नई का यह मुकाबला पहले ही दिन से चर्चा में है। फैंस के लिए यह सिर्फ क्रिकेट नहीं, बल्कि पुराने रिश्तों और नए समीकरणों का रोमांचक टकराव होगा। अब देखना दिलचस्प होगा कि गुवाहाटी में किसका पलड़ा भारी रहता है- सैमसन की नई टीम या जडेजा की वापसी वाली टीम।