IPL 2026: मुंबई इंडियंस के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा को लेकर आईपीएल 2026 से पहले बड़ी अपडेट सामने आई। पिछले सीजन में 'इम्पैक्ट प्लेयर' के तौर पर इस्तेमाल किए जाने पर काफी आलोचना झेलने वाली टीम अब अपने प्लान में बदलाव करती दिख रही।
मुंबई इंडियंस के हेड कोच महेला जयवर्धने ने साफ कर दिया है कि इस बार रोहित शर्मा को ज्यादा समय मैदान पर देखा जाएगा। उन्होंने बताया कि पिछले सीजन में रोहित पूरी तरह फिट नहीं थे और कुछ निगल्स यानी छोटी-छोटी चोटों से जूझ रहे थे। ऐसे में टीम मैनेजमेंट ने उनका वर्कलोड संभालने के लिए उन्हें इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर इस्तेमाल किया।
रोहित हमेशा इम्पैक्ट डालते: कोच
जयवर्धने ने कहा, 'रोहित टीम के लिए हमेशा इम्पैक्ट डालते हैं, चाहे वो मैदान पर हों या बाहर। लेकिन इस सीजन मैं चाहता हूं कि वो ज्यादा से ज्यादा समय मैदान पर रहें।' 38 साल के रोहित इस समय अच्छी फिटनेस में नजर आ रहे और अगले साल होने वाले ODI वर्ल्ड कप पर भी उनकी नजर है, जो साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में खेला जाएगा।
हालांकि, कहानी यहीं खत्म नहीं होती। कोच ने यह भी इशारा दिया कि कुछ खास मैचों में रोहित फिर से इम्पैक्ट प्लेयर की भूमिका में दिख सकते हैं। इसकी वजह टीम का कॉम्बिनेशन है। दरअसल, मुंबई इंडियंस के ज्यादातर खिलाड़ी ऑलराउंडर हैं, जो बल्लेबाजी के साथ गेंदबाजी भी कर सकते हैं।
रोहित-सूर्या गेंदबाजी नहीं करते
जयवर्धने ने समझाया कि टीम में सिर्फ दो खिलाड़ी ऐसे हैं जो गेंदबाजी नहीं करते- रोहित शर्मा और सूर्यकुमार यादव। ऐसे में मैच की स्थिति और विपक्षी टीम को देखते हुए कभी-कभी इम्पैक्ट प्लेयर का विकल्प इस्तेमाल करना पड़ सकता है।
उन्होंने कहा, 'जब आप बॉलिंग ऑप्शन को घुमाते हैं या इम्पैक्ट प्लेयर का इस्तेमाल करते हैं, तब यह देखना जरूरी होता है कि उस समय मैदान पर कौन खिलाड़ी होना चाहिए। यह फैसला पूरी तरह मैच सिचुएशन और विपक्ष पर निर्भर करता है।'
रोहित का इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर इस्तेमाल होगा
यानी साफ है कि IPL 2026 में रोहित शर्मा की भूमिका पहले से ज्यादा एक्टिव रहने वाली है, लेकिन जरूरत पड़ने पर टीम उन्हें रणनीतिक रूप से इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर भी इस्तेमाल कर सकती है।
पिछले सीजन में इस फैसले को लेकर काफी बहस हुई थी, लेकिन अब टीम मैनेजमेंट इसे एक ‘टैक्टिकल मूव’ के तौर पर देख रहा है, न कि किसी स्थायी भूमिका के रूप में। कुल मिलाकर, आईपीएल 2026 में रोहित शर्मा फैंस को ज्यादा समय मैदान पर दिखेंगे, लेकिन टीम कॉम्बिनेशन के हिसाब से उनकी भूमिका में लचीलापन भी बना रहेगा।