Logo
PSL 2026: अफगानिस्तान पर हुई एयर स्ट्राइक के बाद पाकिस्तान सुपर लीग में सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए। पीसीबी का दावा है कि ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी आएंगे और तैयारी पूरी है। हालांकि, पेशावर मैच को लेकर चिंता जरूर है।

PSL 2026: पाकिस्तान सुपर लीग 2026 शुरू होने से पहले बड़ा सवाल खड़ा हो गया है कि क्या ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी इस बार पाकिस्तान जाएंगे या सुरक्षा कारणों से दूरी बना लेंगे? अफगानिस्तान पर हुए एयर-स्ट्राइक के बाद यह चर्चा और तेज हो गई थी। अब इस पूरे मामले पर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने चुप्पी तोड़ी है। 

पीसीबी से जुड़े एक सूत्र के मुताबिक, फिलहाल घबराने की कोई बात नहीं। सभी ट्रैवल प्लान और व्यवस्थाएं पहले से तय हैं और जिन ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों ने PSL 11 के लिए साइन किया है, वे अगले हफ्ते से पाकिस्तान पहुंचना शुरू कर देंगे। हालांकि, उनकी सटीक तारीख अभी तय नहीं बताई गई है।

दरअसल, हाल ही में खबर आई थी कि ऑस्ट्रेलियाई सरकार ने अपने खिलाड़ियों को पेशावर जाने से बचने की सलाह दी है। पेशावर अफगानिस्तान की सीमा के करीब है और इसे ऑस्ट्रेलिया ने 'डू नॉट ट्रैवल' कैटेगरी में रखा गया है। PSL का एक मुकाबला यहीं होना है, जिसे लेकर चिंता बढ़ी हुई।

सूत्र ने यह भी कहा कि संबंधित एजेंसियां हालात से वाकिफ हैं और सुरक्षा को लेकर जरूरी कदम उठाए गए हैं। यानी बोर्ड को भरोसा है कि टूर्नामेंट बिना किसी बड़ी दिक्कत के कराया जा सकता है।

इस बार PSL में कई बड़े ऑस्ट्रेलियाई नाम शामिल हैं। स्टीव स्मिथ, डेविड वॉर्नर, एडम जाम्पा, मार्नस लाबुशेन, एश्टन एगर, जैक फ्रेजर मैकगर्क, जोश फिलिप, राइली मेरेडिथ जैसे खिलाड़ी अलग-अलग फ्रेंचाइजी से जुड़े हैं। ऐसे में उनके आने या न आने पर सबकी नजर टिकी हुई है।

इस बीच, पीएसएल और आईपीएल 2026 के बीच एक बार फिर टक्कर देखने को मिलेगी। दोनों लीग लगभग एक ही समय पर शुरू हो रही हैं। PSL 28 मार्च से शुरू हो रही है और इस बार खास बात यह है कि पहली बार आठ टीमें इसमें हिस्सा लेंगी। हालात भले ही चुनौतीपूर्ण हों, लेकिन पीसीबी का रुख साफ है कि टूर्नामेंट तय कार्यक्रम के मुताबिक ही होगा। अब देखना यह है कि खिलाड़ी और उनकी सरकारें अंतिम फैसला क्या लेती हैं।

7