mi vs csk highlights: मुंबई इंडियंस (MI) ने आईपीएल 2025 में लगातार तीसरी जीत दर्ज की। रविवार को वानखेड़े स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मुंबई ने 177 रन के टारगेट को 15.4 ओवर में 1 विकेट खोकर हासिल कर लिया। मुंबई की तरफ से रोहित शर्मा ने 45 गेंद में नाबाद 76 और सूर्यकुमार यादव ने 30 गेंद में नाबाद 68 रन ठोके। इस जीत से न केवल मुंबई को दो अहम पॉइंट्स मिले, बल्कि टीम का नेट रन रेट भी मजबूत हुआ और पॉइंट्स टेबल में MI 8 अंकों के साथ छठे स्थान पर आ गई।
वानखेड़े के हाई-स्कोरिंग ट्रैक पर टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करना सीएसके के लिए फायदेमंद हो सकता था लेकिन टीम कंजरवेटिव अप्रोच के साथ उतरी। शुरुआती 3 ओवरों में सिर्फ 16 रन बने और मिडिल ओवर्स में 27 गेंदों तक कोई बाउंड्री नहीं लगी। जसप्रीत बुमराह और मिचेल सैंटनर ने 17वें और 18वें ओवर में बेहद कसी हुई गेंदबाजी की। जब टीम लड़खड़ा रही थी, तब 17 साल के आयुष म्हात्रे ने 15 गेंदों में 32 रन ठोकते हुए एक नई उम्मीद जगाई। उन्होंने ड्वेन ब्रावो की स्टाइल में बल्लेबाज़ी कर दर्शकों का दिल जीत लिया।
शिवम दुबे ने 30 गेंदों में अर्धशतक ठोक डैमेज कंट्रोल किया। उनके साथ जडेजा टिके रहे लेकिन रन रेट धीमा ही रहा। अंत में बुमराह ने शिवम दुबे को आउट किया और सैंटनर ने आखिरी ओवरों में बाउंड्री नहीं लगने दी। CSK ने 20 ओवरों में 5 विकेट के नुकसान पर 176 रन बनाए।
रोहित की वापसी, सूर्या का जलवा
रोहित शर्मा ने इस सीज़न का पहला अर्धशतक (50) लगाया और शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज में खेलते दिखे। उन्होंने पावरप्ले में 18 गेंदों में 32 रन बना डाले। वहीं सूर्यकुमार यादव ने रवींद्र जडेजा के खिलाफ अपने करियर का पहला छक्का जड़ा और फिर अलग ही गियर में दिखे। उन्होंने 9 स्वीप शॉट्स में 35 रन ठोके, जिसमें तीन छक्के शामिल थे।
मुंबई ने 4.2 ओवर पहले ही जीत दर्ज कर ली
सूर्या की तूफानी बल्लेबाज़ी और रोहित की सधी हुई पारी के दम पर MI ने लक्ष्य को 15.4 ओवर में हासिल कर लिया। इस जीत से टीम अब 8 अंकों के साथ अंक तालिका में मज़बूत स्थिति में है।
(प्रियंका)