Logo
PSL 2026 में फखर जमान पर बॉल टैंपरिंग का आरोप लगा। अंपायरों ने 5 रन पेनल्टी दी, जिससे मैच का रुख बदल गया। मामले में 48 घंटे में फैसला और क्रिकेटर पर बैन की संभावना है।

PSL Ball tampering: पाकिस्तान सुपर लीग 2026 के बीच एक बड़ा विवाद सामने आया है, जिसने पाकिस्तान क्रिकेट की छवि पर सवाल खड़े कर दिए। लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में लाहौर कलंदर्स के स्टार बल्लेबाज फखर जमां पर बॉल टैंपरिंग का आरोप लगा। इस मामले में टीम के कप्तान शाहीन अफरीदी का नाम भी चर्चा में है।

मैच के दौरान कराची किंग्स की पारी के आखिरी ओवर से ठीक पहले यह विवाद शुरू हुआ। उस समय कराची को जीत के लिए 14 रन चाहिए थे। इसी बीच फखर जमान, हारिस रऊफ और शाहीन अफरीदी के बीच बातचीत देखी गई। इसके तुरंत बाद अंपायर फैसल अफरीदी ने गेंद को चेक करने के लिए मंगवाया। जांच के बाद यह पाया गया कि गेंद की स्थिति में बदलाव किया गया है, जो नियमों के खिलाफ है।

मैच रेफरी रोशन महानामा ने फखर जमान पर पीएसएल कोड ऑफ कंडक्ट के तहत लेवल-3 का आरोप लगाया। उन पर आर्टिकल 2.14 और प्लेइंग कंडीशंस के आर्टिकल 41.3 के उल्लंघन का आरोप है, जिसमें गेंद के साथ छेड़छाड़ करना पूरी तरह प्रतिबंधित है। हालांकि, फखर जमान ने इन आरोपों से इनकार किया है। अब इस मामले में 48 घंटे के भीतर दोबारा सुनवाई होगी, जिसके बाद अंतिम फैसला लिया जाएगा।

मैदान पर अंपायरों ने लाहौर कलंदर्स पर 5 रन की पेनल्टी लगाई और गेंद को बदल दिया। इसका सीधा फायदा कराची किंग्स को मिला। जहां पहले उन्हें 14 रन बनाने थे, वहीं अब लक्ष्य 9 रन का रह गया। कराची ने इस मौके का फायदा उठाते हुए मैच को 4 विकेट से जीत लिया। टीम के कप्तान डेविड वॉर्नर ने इस घटना पर नाराजगी जताई और कहा कि मैच जीतने के लिए इस तरह के तरीके बिल्कुल स्वीकार्य नहीं हैं।

दूसरी ओर, शाहीन अफरीदी ने मैच के बाद कहा कि उन्हें इस मामले की पूरी जानकारी नहीं है और टीम इस पर चर्चा करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि फिलहाल कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी।

अगर मैच रेफरी फखर जमान को दोषी पाते हैं, तो उन्हें बैन या भारी जुर्माना जैसी सजा मिल सकती है। साथ ही टीम पर भी कार्रवाई हो सकती है। इस पूरे विवाद ने एक बार फिर क्रिकेट में फेयर प्ले और खेल भावना पर बहस छेड़ दी है।

7