sri lanka vs oman highlights: दासुन शनाका और पवन रतनायके की तूफानी पारियों के दम पर श्रीलंका ने ओमान को 105 रन से हराया। दासुन ने 19 गेंद में फिफ्टी ठोकी थी।

sri lanka vs oman highlights: टी20 वर्ल्ड कप के ग्रुप-बी के एक अहम मुकाबले में मेजबान श्रीलंका ने ओमान के खिलाफ एकतरफा जीत दर्ज की। श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 225 रन बनाए थे, जो वर्ल्ड कप का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर रहा। इसका पीछा करते हुए ओमान की टीम 9 विकेट के नुकसान पर 120 रन बना सकी और 105 रन से मैच हार गई।  28 गेंद में 60 रन की पारी खेलने वाले पवन को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। 

मैच की अगर बात करें तो श्रीलंका की शुरुआत थोड़ी लड़खड़ाई थी, जब जय ओदेद्रा ने कामिल मिशारा को जल्दी आउट कर दिया था। इसके बाद भी रन रेट पर कोई असर नहीं पड़ा। पथुम निसंका पावरप्ले में आउट हुए थे लेकिन उस ओवर में भी 16 रन आए। इसके बाद कुसल मेंडिस ने पारी को संभाला और 61 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। असली तूफान मिडिल और डेथ ओवर्स में देखने को मिला, जब पवन रतनायके और कप्तान दासुन शनाका ने ओमान के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की।

रतनायके ने सिर्फ 28 गेंदों में 60 रन ठोक दिए जबकि शनाका ने 19 गेंदों में अर्धशतक जमाकर श्रीलंका के लिए सबसे तेज टी20 फिफ्टी का रिकॉर्ड बना दिया। शुरुआत में शनाका ने धीमी बल्लेबाजी की लेकिन बाद में लगातार छक्के-चौकों की बारिश कर दी। आखिरी पांच ओवरों में श्रीलंका ने 79 रन बटोरे, जो इस वर्ल्ड कप में डेथ ओवर्स का सबसे बड़ा स्कोर रहा।

ओमान के लिए लक्ष्य कभी आसान नहीं था। दुष्मंथा चमीरा ने पहले ही ओवर में जतिंदर सिंह को आउट कर दबाव बढ़ा दिया। पावरप्ले में सिर्फ 36 रन बने और तीन विकेट गिर गए। स्पिनर महीश तीक्ष्णा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में सिर्फ 11 रन देकर दो विकेट लिए और मैच पूरी तरह श्रीलंका की झोली में डाल दिया।

ओमान की ओर से मोहम्मद नदीम ने अर्धशतक जरूर लगाया और वह मेंस टी20 वर्ल्ड कप में अर्धशतक लगाने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बने लेकिन टीम को हार से नहीं बचा सके। श्रीलंका ने इस जीत के साथ टूर्नामेंट में दमदार संदेश दिया और पल्लेकेले में अपने पहले मैच को यादगार बना दिया।