haribhoomi hindi news
मुंबई इंडियंस ने कृष भगत को अथर्व अंकोलेकर की जगह टीम में शामिल किया है। 21 साल के यह ऑलराउंडर पिछले दो साल से टीम के ट्रायल और प्रैक्टिस का हिस्सा रहे हैं।

मुंबई. आईपीएल 2026 के बीच मुंबई इंडियंस ने अपनी टीम में बड़ा बदलाव करते हुए युवा ऑलराउंडर कृष भगत को शामिल किया है। उन्हें चोटिल खिलाड़ी अथर्व अंकोलेकर की जगह पूरे सीजन के लिए टीम में मौका दिया गया है।

21 साल के कृष भगत पंजाब के लिए घरेलू क्रिकेट खेलते हैं और एक राइट हैंड बल्लेबाज होने के साथ-साथ राइट आर्म फास्ट बॉलर भी हैं। यानी वह गेंद और बल्ले दोनों से टीम के लिए उपयोगी साबित हो सकते हैं।

कृष भगत पंजाब से खेलते हैं
मुंबई इंडियंस ने अपने आधिकारिक बयान में बताया कि कृष पिछले दो साल से टीम के ट्रायल का हिस्सा रहे हैं और लगातार कोचिंग स्टाफ को प्रभावित करते आए हैं। उन्होंने 2026 में डीवाई पाटिल टी20 कप में रिलायंस टीम की ओर से खेलते हुए भी अच्छा प्रदर्शन किया था।

मुंबई इंडियंस के लिए पहले भी ट्रायल दे चुके
इसके अलावा, इस सीजन में वह प्री-सीजन से ही मुंबई इंडियंस के साथ जुड़े हुए थे और सपोर्ट बॉलर के तौर पर टीम के साथ काम कर रहे थे। नेट्स और प्रैक्टिस मैचों में उनके प्रदर्शन को देखकर टीम मैनेजमेंट काफी प्रभावित हुआ।

फ्रेंचाइजी ने अपने बयान में कहा, 'कृष ने हर सेशन में अपनी मेहनत, समर्पण और क्वालिटी से कोचिंग स्टाफ को प्रभावित किया है। घरेलू क्रिकेट और इस सीजन के प्रैक्टिस सेशंस में उनके लगातार बेहतर प्रदर्शन के चलते उन्हें यह मौका दिया गया है।'

मुंबई इंडियंस इस सीजन में पहले ही अपने प्रदर्शन को लेकर संघर्ष कर रही है। टीम को चोटों और फॉर्म दोनों की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में युवा खिलाड़ियों को मौका देकर टीम नए विकल्प तलाशने की कोशिश कर रही है। कृष भगत के शामिल होने से टीम को गेंदबाजी में एक अतिरिक्त विकल्प मिलेगा, खासकर मिडिल और डेथ ओवर्स में। साथ ही वह निचले क्रम में बल्लेबाजी करके टीम को जरूरी रन भी दे सकते हैं।

अब देखना दिलचस्प होगा कि मुंबई इंडियंस उन्हें प्लेइंग इलेवन में कब और कैसे मौका देती है। अगर वह अपने प्रदर्शन से प्रभावित करते हैं, तो यह उनके करियर के लिए एक बड़ा मौका साबित हो सकता है।

7