Logo
ICC ने T20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले PCB की भारत-पाक मैच को लेकर रखी गई सभी मांगों को खारिज कर दिया है। जानें क्या है पूरा विवाद और आईसीसी का रुख।

ICC T20 World Cup 2026: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में 15 फरवरी को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में होने वाले भारत-पाकिस्तान मैच पर सस्पेंस गहराता जा रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) की शर्तों को ICC ने खारिज कर दिया है। इससे बहुचर्चित मुकाबले के आयोजन को लेकर स्थिति और पेचीदा हो गई है।

PCB ने रखीं तीन बड़ी शर्तें
रिपोर्ट्स के मुताबिक, पीसीबी चेयरमैन मोहसिन नकवी ने बहिष्कार खत्म करने के लिए आईसीसी के सामने तीन मुख्य मांगें रखी थीं। पाकिस्तान चाहता था कि आईसीसी भारत को द्विपक्षीय सीरीज (Bilateral Series) खेलने के लिए कहे। इसके अलावा भारत, पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच त्रिकोणीय सीरीज (Tri-series) के आयोजन और भारतीय टीम के बांग्लादेश दौरे की मांग भी रखी गई थी।

पाकिस्तानी प्रधानमंत्री लेंगे अंतिम फैसला
लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में हुई महत्वपूर्ण बैठक में पीसीबी चेयरमैन मोहसिन नकवी, आईसीसी के डिप्टी चेयरमैन इमरान ख्वाजा और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम शामिल हुए। यह बैठक लगभग पांच घंटे तक चली।  बैठक समाप्त होने के बाद अब अंतिम निर्णय पाकिस्तान सरकार के स्तर पर लिया जाएगा। पीसीबी चेयरमैन मोहसिन नकवी पूरे मामले की विस्तृत जानकारी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को सौंपेंगे, जिसके आधार पर अगले 24 घंटों में बोर्ड अपना आधिकारिक फैसला घोषित कर सकता है।  

Image

लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में महत्वपूर्ण बैठक हुई। 

ICC ने शर्तों को किया खारिज
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार ICC ने साफ कर दिया कि द्विपक्षीय सीरीज का फैसला संबंधित क्रिकेट बोर्ड और सरकारों के स्तर पर होता है। ICC केवल फ्यूचर टूर प्रोग्राम (FTP) का ढांचा तैयार करता है, जबकि सीरीज के आयोजन, शेड्यूल और समझौते बोर्ड आपस में तय करते हैं। आईसीसी ने साफ तौर पर कहा कि वह किसी भी देश को द्विपक्षीय क्रिकेट खेलने के लिए मजबूर नहीं कर सकता।

सरकार और बीसीसीआई का फैसला ही होगा अंतिम
भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट के रिश्ते केवल खेल तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इसमें राजनीतिक कारण भी शामिल हैं। आईसीसी ने यह भी दोहराया कि भारत-पाक सीरीज शुरू करने का कोई भी फैसला बीसीसीआई और भारत सरकार की मंजूरी के बिना संभव नहीं है। अब देखना यह होगा कि पाकिस्तान अपनी बहिष्कार की जिद पर कायम रहता है या फिर आईसीसी के कड़े रुख के बाद वर्ल्ड कप खेलने के लिए राजी होता है।

भारतीय टीम तय समय पर जाएगी श्रीलंका 
भारतीय टीम टी-20 विश्व कप के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही श्रीलंका जाएगी।  BCCI सूत्रों ने स्पष्ट किया है कि टीम 15 फरवरी से पहले श्रीलंका पहुंच जाएगी और ICC के सभी प्रोटोकॉल का पूर्ण रूप से पालन करेगी।  हालांकि, मैच के आयोजन को लेकर अंतिम निर्णय मैदान पर मौजूद मैच रेफरी द्वारा ही लिया जाएगा।

5379487