Team India Prize Money: बीसीसीआई ने टी20 विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम को 131 करोड़ रुपये का कैश प्राइज देने का ऐलान किया।

Team India Prize Money: बीसीसीआई ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 जीतने के बाद टीम इंडिया के लिए बड़ी इनामी राशि का ऐलान किया। बोर्ड ने खिलाड़ियों, सपोर्ट स्टाफ और चयनकर्ताओं के लिए कुल 131 करोड़ रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की।

टीम इंडिया ने इस बार का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया। फाइनल मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को हराकर ट्रॉफी अपने नाम की। यह मुकाबला अहमदाबाद के प्रतिष्ठित नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला गया था, जहां हजारों दर्शकों के सामने भारत ने शानदार प्रदर्शन किया।

इस जीत की खास बात यह रही कि भारत ने अपने खिताब का बचाव किया और टूर्नामेंट के इतिहास में ऐसा करने वाली पहली टीम बन गई। इससे पहले किसी भी टीम ने लगातार दो बार आईसीसी मेंस टी20 विश्व कप नहीं जीता था। बता दें कि इस बार बीसीसीआई ने विश्व कप जीतने पर टीम इंडिया को जो 131 करोड़ के कैश प्राइज  का ऐलान किया है, वो 2024 में चैंपियन बनने वाली टीम से 6 करोड़ रुपये ज्यादा है। 

इंटरनेशनल क्रिकेट काउन्सिल ने इस बार टूर्नामेंट की कुल प्राइज मनी रिकॉर्ड 13.5 मिलियन डॉलर तय की थी, जो पिछले विश्व कप के 11.25 मिलियन डॉलर से ज्यादा है। भारतीय टीम को चैंपियन बनने पर कुल प्राइज मनी में से 3 मिलियन डॉलर मिले हैं। यह भारतीय करेंसी में लगभग 27.48 करोड़ रुपये के बराबर है। वहीं, न्यूजीलैंड का भले ही ट्रॉफी जीतने का सपना टूट गया, लेकिन उसे भी करीब 1.6 मिलियन डॉलर (करीब 14.65 करोड़ रुपये) मिले है। 

मेज़बान टीम ने शुरू से ही फ़ाइनल में दबदबा बनाए रखा था। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में संजू सैमसन के 89 रन की मदद से 5 विकेट पर 253 रन का रिकॉर्ड स्कोर खड़ा किया था। जसप्रीत बुमराह के करियर के सबसे अच्छे 14 रन देकर चार विकेट की मदद से, भारत ने अपना तीसरा वर्ल्ड T20 टाइटल जीता और लगातार दो बार चैंपियनशिप जीतने वाली पहली टीम बनी। सैमसन को सिर्फ़ 5 इनिंग में 321 रन बनाने के लिए प्लेयर ऑफ़ द सीरीज़ चुना गया, जबकि बुमराह को फ़ाइनल में प्लेयर ऑफ़ द मैच चुना गया।