ipl 2025: 'क्रिकेट आपको रुला सकता है, पृथ्वी शॉ को देखो...' यशस्वी जायसवाल को खराब फॉर्म पर मिली खुली चेतावनी

yashasvi Jaiswal ipl 2025: पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर बासित अली ने भारतीय ओपनर यशस्वी जायसवाल को क्रिकेट पर फोकस करने की सलाह दी है। बासित ने कहा कि यशस्वी में अगर जल्द सुधार नहीं आया, तो उनका करियर भी पृथ्वी शॉ की तरह भटक सकता है।
आईपीएल 2025 में अब तक यशस्वी का प्रदर्शन बेहद फीका रहा है। राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए उन्होंने केवल एक अर्धशतक (67 रन बनाम हैदराबाद) ही लगाया है। 2023 में शानदार प्रदर्शन कर उन्होंने भारतीय क्रिकेट के अगले सितारे के रूप में पहचान बनाई थी लेकिन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 3-1 से टेस्ट सीरीज़ हारने के बाद उनकी फॉर्म गिरती चली गई।
बासित अली ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा,'उसका (यशस्वी) पेट भर गया है। अब क्रिकेट में उसका फोकस नहीं है। मेरी खुली चेतावनी है– क्रिकेट बहुत रुला सकता है। पृथ्वी शॉ को देखो। क्रिकेट से प्यार करो और जुनून वापस लाओ।'
जायसवाल की गिरती फॉर्म के बीच भारत के युवा खिलाड़ी लगातार चमक रहे हैं। पंजाब किंग्स के प्रियंश आर्य ने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ महज 39 गेंदों में शतक जड़ कर सबको चौंका दिया। वहीं, गुजरात टाइटंस के साई सुदर्शन ने राजस्थान के खिलाफ 82 रन की पारी खेलकर 5 मैचों में 273 रन बना लिए हैं और ऑरेंज कैप रेस में दूसरे नंबर पर हैं।
इन युवा खिलाड़ियों की चमक के बीच बासित का मानना है कि विराट कोहली और रोहित शर्मा ने टी20 से संन्यास लेकर सही फैसला किया। उन्होंने कहा, 'मैं चाहता था कि विराट कोहली टी20 से न रिटायर हों लेकिन उन्होंने और रोहित ने सही समय पर फैसला लिया। भारत के पास अब बहुत खिलाड़ी हैं।'
हालांकि विराट कोहली ने आईपीएल 2025 में अबतक अच्छा प्रदर्शन किया है। उन्होंने 4 मैच में 164 रन ठोके हैं, जिसमें दो अर्धशतक हैं। वहीं, रोहित शर्मा अब तक लय में नहीं दिखे हैं। जायसवाल के लिए यह समय खुद को साबित करने और दोबारा अपना खोया आत्मविश्वास पाने का है – क्योंकि अगली कतार में खिलाड़ी तैयार खड़े हैं।