Logo
india vs bangladesh: भारत के सितंबर दौरे के चलते बांग्लादेश ने आयरलैंड सीरीज टाल दी, जिससे यह 6 मैचों की सीरीज अब बेहद अहम हो गई। यह सीरीज वनडे विश्व कप 2027 के क्वालिफिकेशन से पहले बांग्लादेश के लिए निर्णायक साबित हो सकती है।

India tour of Bangladesh: बांग्लादेश क्रिकेट टीम के शेड्यूल में बड़ा बदलाव देखने को मिला। आयरलैंड दौरे को टालने के फैसले के बाद अब भारत का बहुप्रतीक्षित दौरा इस साल सबसे अहम सीरीज बन गया। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने यह कदम इसलिए उठाया क्योंकि भारत का दौरा सितंबर विंडो में शिफ्ट हो गया था, जिससे दोनों सीरीज एक ही समय पर टकरा रही थीं।

रिपोर्ट के मुताबिक, बांग्लादेश को सितंबर में आयरलैंड जाना था, लेकिन अब उस दौरे को आगे बढ़ा दिया गया। दरअसल, भारत का यह दौरा पहले 2025 में होना था, जिसे रीशेड्यूल करके 2026 में रखा गया। भारत 28 अगस्त को बांग्लादेश पहुंचेगा, जहां दोनों टीमों के बीच 3 वनडे और इतने ही टी20 खेले जाएंगे। वनडे मुकाबले 1, 3 और 6 सितंबर को होंगे जबकि टी20 सीरीज 9, 12 और 13 सितंबर को खेली जाएगी।

भारतीय टीम बांग्लादेश जाएगी
बीसीबी के एक अधिकारी ने साफ कहा कि भारत की सीरीज को नजरअंदाज करना संभव नहीं था। बोर्ड ने क्रिकेट आयरलैंड से संपर्क कर आयरलैंड दौरे को किसी और विंडो में शिफ्ट करने की कोशिश की, लेकिन उनके पहले से तय कार्यक्रम और व्यस्त शेड्यूल के कारण यह संभव नहीं हो सका। आखिरकार दोनों बोर्ड इस सीरीज को 2027 तक टालने पर सहमत हुए।

वनडे विश्व कप 2027 के लिहाज से दौरा अहम
यह भारत दौरा अब बांग्लादेश के लिए सिर्फ एक द्विपक्षीय सीरीज नहीं, बल्कि 2027 वनडे वर्ल्ड कप की तैयारी का अहम हिस्सा बन गया। आईसीसी 2027 वनडे विश्व कप के लिए सीधे क्वालिफिकेशन की रेस काफी कड़ी है। बांग्लादेश फिलहाल आईसीसी वनडे रैंकिंग में नौवें स्थान पर है और उसके 79 रेटिंग पॉइंट्स हैं, जो दसवें नंबर पर मौजूद वेस्टइंडीज से दो अंक ज्यादा हैं।

बांग्लादेश के लिए भी भारत दौरे की बड़ी अहमियत
नियम के मुताबिक, 31 मार्च 2027 तक रैंकिंग में टॉप-8 में रहने वाली टीमें सीधे वर्ल्ड कप के लिए क्वालिफाई करेंगी, जबकि बाकी टीमों को क्वालिफायर खेलना होगा। ऐसे में बांग्लादेश ज्यादा से ज्यादा वनडे मैच खेलकर अपनी स्थिति मजबूत करना चाहता है।

आयरलैंड दौरा टलने के बाद अब बांग्लादेश का फोकस भारत, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू सीरीज और दक्षिण अफ्रीका व जिम्बाब्वे के खिलाफ विदेशी दौरों पर रहेगा। हालांकि, इस पूरे शेड्यूल पर एक शर्त भी है। भारत का दौरा अभी सरकार की मंजूरी पर निर्भर है, जो हाल के कूटनीतिक तनाव के चलते अहम हो जाता है।

अगर किसी कारण से भारत का दौरा फिर टलता है, तो बांग्लादेश के पास वर्ल्ड कप क्वालिफिकेशन से पहले सीमित वनडे मैच ही बचेंगे। फिलहाल, भारत का यह दौरा बांग्लादेश के क्रिकेट कैलेंडर का सबसे बड़ा और अहम हिस्सा बन चुका है।

7