haribhoomi hindi news
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने ऊर्जा बचत के लिए मैच टाइमिंग बदली। वनडे और टी20 मैच अब दिन में खेले जाएंगे, फ्लडलाइट का उपयोग कम होगा।

वैश्विक ईंधन संकट के बीच बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने एक बड़ा प्रशासनिक फैसला लिया। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने ने आने वाली इंटरनेशनल सीरीज के मैच टाइमिंग में बदलाव किया है, ताकि बिजली की खपत कम की जा सके। यह कदम बांग्लादेश सरकार की ऊर्जा बचत मुहिम को समर्थन देने के लिए उठाया गया।

पहले बांग्लादेश और न्यूजीलैंड के बीच होने वाली तीनों वनडे मैच डे-नाइट फॉर्मेट में होने थे। लेकिन अब इन्हें दिन में शिफ्ट कर दिया गया। ढाका और चटग्राम में खेले जाने वाले ये मुकाबले अब सुबह 11 बजे से शुरू होंगे। बोर्ड का मानना है कि इससे मैच सूर्यास्त यानी करीब शाम 6:30 बजे तक खत्म हो जाएंगे और फ्लडलाइट्स की जरूरत नहीं पड़ेगी। इससे हर मैच में करीब 4 घंटे बिजली की बचत होगी।

बांग्लादेश ने बदला न्यूजीलैंड सीरीज का शेड्यूल
टी20 सीरीज के शेड्यूल में भी बदलाव किया गया है। पहले दो टी20 मैच, जो शाम 6 बजे से शुरू होने थे, अब दोपहर 2 बजे शुरू होंगे और करीब 5:10 बजे तक खत्म हो जाएंगे। तीसरा टी20 मैच पहले से ही दिन का मुकाबला था, इसलिए उसमें कोई बदलाव नहीं किया गया है।

अब डे-नाइट के बजाए दिन में होंगे मैच
महिला क्रिकेट पर भी इसका असर पड़ा है। बांग्लादेश और श्रीलंका की महिला क्रिकेट टीम के बीच होने वाली तीन मैचों की टी20 सीरीज के टाइमिंग भी बदल दिए गए। यह सीरीज 28 अप्रैल, 30 अप्रैल और 2 मई को सिलहट में खेली जाएगी। अब ये सभी मैच शाम की बजाय दोपहर 1:30 बजे से शुरू होंगे, ताकि प्राकृतिक रोशनी का ज्यादा इस्तेमाल हो सके।

ऊर्जा संकट को देखते हुए लिया फैसला
बीसीबी ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि यह फैसला सरकार की ऊर्जा बचाने की पहल को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। बोर्ड का उद्देश्य है कि दिन के उजाले का अधिकतम उपयोग किया जाए और फ्लडलाइट्स पर निर्भरता कम हो।

शेड्यूल के मुताबिक, न्यूजीलैंड टीम 17 और 20 अप्रैल को ढाका में पहले दो वनडे खेलेगी, जबकि तीसरा मुकाबला 23 अप्रैल को चटग्राम में होगा। इसके बाद टी20 सीरीज 27 अप्रैल से शुरू होकर 2 मई तक चलेगी। वहीं, श्रीलंका महिला टीम अप्रैल के अंत में बांग्लादेश पहुंचेगी।

यह फैसला दिखाता है कि कैसे क्रिकेट बोर्ड अब सिर्फ खेल तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वैश्विक चुनौतियों के हिसाब से अपने फैसले ले रहे हैं। ऊर्जा संकट के बीच यह कदम खेल और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाने की एक अच्छी पहल माना जा रहा है।

7