VHT 2024: अर्शदीप सिंह ने बरपाया कहर, सूर्यकुमार-अय्यर समेत झटके 5 विकेट, अकेले मुंबई को हिला डाला

Arshdeep singh VHT 2024: अर्शदीप सिंह ने पंजाब की तरफ से खेलते हुए विजय हजारे ट्रॉफी के एक मुकाबले में मुंबई के खिलाफ कमाल की गेंदबाजी की। अहमदाबाद के खिलाफ खेले जा रहे मैच में पंजाब ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी थी। नई गेंद से अर्शदीप ने मुंबई के बल्लेबाजों के पैर उखाड़ दिए। उन्होंने मुंबई के टॉप-6 बल्लेबाजों में से 5 का शिकार किया। इसमें मुंबई के कप्तान श्रेयस अय्य़र, सूर्यकुमार यादव और शिवम दुबे जैसे बल्लेबाजों के विकेट शामिल हैं।
अर्शदीप सिंह ने नई गेंद से कैसी गेंदबाजी की, अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि एक समय मुंबई ने 61 रन पर 6 विकेट गंवा दिए थे। इसमें से पांच विकेट अर्शदीप सिंह ने ही लिए थे। उन्होंने पहले ही ओवर में मुंबई के ओपनर अंगकृष रघुवंशी को आउट किया। वो 1 रन बना सके। इसके बाद आयुष म्हात्रे को उन्होंने 9 रन पर आउट किया। 11 रन के स्कोर पर हार्दिक तमोर को सनवीर सिंह ने पवेलियन की राह दिखाई। इसके बाद मुंबई के स्कोरबोर्ड 9 रन और जुड़े थे और अर्शदीप ने सूर्यकुमार यादव को रमनदीप सिंह के हाथों कैच आउट करा दिया। सूर्यकुमार खाता तक नहीं खोल पाए।
इसके बाद श्रेयस अय्यर ने मुंबई की पारी को संभालने की कोशिश की लेकिन अर्शदीप ने उन्हें भी 17 रन के निजी स्कोर पर क्लीन बोल्ड कर दिया। इस तरह मुंबई ने 28 रन के स्कोर पर ही पांच विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद कुछ ओवर तक शिवम दुबे और सूर्यांश शेडगे ने मुंबई की पारी को संभालने का काम किया। लेकिन, अर्शदीप ने 61 रन के स्कोर पर शिवम दुबे को आउट कर अपने पांच विकेट पूरे किए। हालांकि, मुंबई के लोअर ऑर्डर ने गजब का जज्बा दिखाया और टीम को 61/6 रन के स्कोर से 248 रन तक पहुंचा दिया। इसमें शेडगे (44), अथर्व अंकोलेकर (66), शार्दुल ठाकुर (43) का बड़ा हाथ रहा। हिंमांशु सिंह ने 19 रन बनाए।
अर्शदीप ने अपने 10 ओवर के स्पैल में 38 रन देकर 5 विकेट हासिल किए। दोनों टीमें इस मैच में दो मैच जीत और एक हार के साथ उतरी हैं, जिसका मतलब है कि विजय हजारे ट्रॉफी के ग्रुप सी के रूप में किसी भी पक्ष की जीत निर्णायक हो सकती है।
