haribhoomi hindi news
Arjun Tendulkar viral video: अर्जुन तेंदुलकर का एक वीडियो वायरल हो रहा, जिसमें वो अपने कप्तान ऋषभ पंत को लगातार यॉर्कर फेंकते नजर आ रहे।

Arjun Tendulkar viral video: आईपीएल 2026 में अर्जुन तेंदुलकर भले ही अब तक मैदान पर उतरने का मौका नहीं पा सके हों, लेकिन नेट्स में उनकी गेंदबाजी चर्चा में है। हाल ही में एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा, जिसमें अर्जुन अपने कप्तान ऋषभ पंत को यॉर्कर गेंदों से चुनौती देते नजर आ रहे।

लखनऊ सुपर जायंट्स ने अर्जुन को पिछले साल मिनी ऑक्शन में उनके बेस प्राइस पर टीम में शामिल किया था। इससे पहले वह मुंबई इंडियंस का हिस्सा रह चुके हैं। हालांकि इस सीजन में अभी तक उन्हें एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला है। अपने आईपीएल करियर में अर्जुन ने अब तक 5 मैच खेले हैं और 3 विकेट लिए हैं, उनका इकॉनमी रेट 9.36 रहा है।

अर्जुन, जो महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के बेटे हैं, ने हाल ही में कहा कि वह खुद को साबित करने के दबाव में नहीं खेलते। एक यूट्यूब इंटरव्यू में उन्होंने साफ कहा, 'मैं क्रिकेट अपने जुनून के लिए खेलता हूं, किसी को कुछ साबित करने के लिए नहीं। मेरा ध्यान मेहनत करने और खेल को एंजॉय करने पर रहता है।'

हालांकि टीम में जगह बनाना उनके लिए आसान नहीं है। पूर्व भारतीय स्पिनर आर अश्विन ने हाल ही में कहा था कि लखनऊ की मौजूदा गेंदबाजी लाइन-अप को देखते हुए अर्जुन के लिए प्लेइंग इलेवन में जगह बनाना मुश्किल है। टीम में पहले से ही मयंक यादव, मोहसिन खान, आवेश खान और मोहम्मद शमी जैसे तेज गेंदबाज मौजूद हैं।

अश्विन के इस बयान पर पूर्व क्रिकेटर योगराज सिंह ने बड़ी बात कही थी। उन्होंने अश्विन की टिप्पणी को गलत बताते हुए कहा कि किसी खिलाड़ी के बारे में इस तरह की बात नहीं करनी चाहिए। योगराज सिंह ने साफ तौर पर कहा कि अर्जुन को समय और मौका मिलना चाहिए।

फिलहाल लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम अंक तालिका में सातवें स्थान पर है, जहां उसने अब तक एक जीत और एक हार दर्ज की है। टीम मैनेजमेंट के लिए सबसे बड़ी चुनौती सही संयोजन बनाना है, जिसमें अर्जुन को मौका देना या न देना भी एक अहम फैसला होगा। अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या अर्जुन तेंदुलकर को इस सीजन में डेब्यू का मौका मिलता है या उन्हें इंतजार ही करना पड़ेगा। फिलहाल, नेट्स में उनकी मेहनत और प्रदर्शन उम्मीद जरूर जगा रहा है।

7