Logo
West Bengal BJP Candidate List 2026: बीजेपी ने बंगाल चुनाव के लिए 111 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की। निसिथ प्रामाणिक- माथाभांगा से और रूपा गांगुली- सोनारपुर दक्षिण से मैदान में।

West Bengal Assembly Election 2026: पश्चिम बंगाल के चुनावी समर के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने गुरुवार, 19 मार्च को अपने 111 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी है। इस सूची में पार्टी ने अनुभवी नेताओं और नए चेहरों के बीच संतुलन बनाने की कोशिश की है। अब तक बीजेपी बंगाल की 294 सीटों में से कुल 255 उम्मीदवारों के नामों का एलान कर चुकी है।

निसिथ प्रामाणिक और रूपा गांगुली मैदान में
बीजेपी की इस सूची में पूर्व केंद्रीय गृह राज्य मंत्री निसिथ प्रामाणिक का नाम प्रमुख है, जिन्हें माथाभांगा विधानसभा क्षेत्र से टिकट दिया गया है। 40 वर्षीय प्रमाणिक 2024 तक कूचबिहार से सांसद रहे थे। वहीं, मशहूर अभिनेत्री और राजनेता रूपा गांगुली को सोनारपुर दक्षिण से मैदान में उतारा गया है। संदेशखाली मामले में चर्चा में रहीं रेखा पात्रा को हिंगलगंज से उम्मीदवार बनाया गया है।

शुभेंदु के भाई को एगरा से टिकट
पार्टी ने नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी के भाई दिव्येंदु अधिकारी को एगरा विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया है। गौरतलब है कि शुभेंदु अधिकारी खुद भवानीपुर और नंदीग्राम, दो सीटों से चुनाव लड़ रहे हैं। इसके अलावा, पार्टी ने टॉलीगंज से पापिया दे अधिकारी, एंटली से प्रियंका टिबरेवाल, मानिकतला से तापस रॉय और पुरुलिया से सुदीप कुमार मुखर्जी को टिकट दिया है।

देखें पूरी लिस्ट:

पहली लिस्ट में भी हुए कुछ बदलाव
बीजेपी ने अपनी पहली सूची में दो महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं। बिश्नुपुर सीट से अब विश्वजीत खान चुनाव लड़ेंगे। वहीं, जयपुर सीट से विश्वजीत महतो को उम्मीदवार बनाया गया है।

दो चरणों में होगी वोटिंग
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान दो चरणों में संपन्न होगा। पहले चरण के वोटिंग 23 अप्रैल, 2026 को होगी, जबकि दूसरे चरण के लिए मतदान 29 अप्रैल, 2026 को होगा। चुनाव के नतीजे 4 मई को आएंगे। इसी दिन तमिलनाडु, केरल, असम और पुडुचेरी के चुनावी परिणामों की भी घोषणा की जाएगी।

7