नई दिल्ली : उत्तर भारत में मौसम ने एक बार फिर रौद्र रूप धारण कर लिया है। सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण पहाड़ों से लेकर मैदानों तक कुदरत का दोहरा प्रहार देखने को मिल रहा है।
एक तरफ जहाँ हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचे इलाकों में भारी बर्फबारी हो रही है, वहीं दूसरी तरफ दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और हरियाणा के मैदानी इलाकों में ठंडी हवाओं और बारिश ने ठिठुरन बढ़ा दी है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आगामी 24 से 48 घंटों के लिए कड़ा अलर्ट जारी किया है।
पहाड़ों पर बर्फ की चादर और मैदानों में कनकनी
हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति, किन्नौर और कुल्लू के साथ-साथ उत्तराखंड के बद्रीनाथ, केदारनाथ और गंगोत्री में जबरदस्त बर्फबारी हो रही है। इस बर्फबारी के कारण मैदानी इलाकों की ओर बर्फीली हवाएं चल रही हैं।
दिल्ली-NCR में इन ठंडी हवाओं के 'अटैक' से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। दिल्ली, नोएडा और गुरुग्राम में मंगलवार सुबह से ही लोग ठिठुरने को मजबूर हैं और धूप का असर पूरी तरह गायब है।
उत्तर प्रदेश: 24 जिलों में येलो अलर्ट और बारिश की संभावना
यूपी के मौसम में भी बड़ा बदलाव आया है। लखनऊ, कानपुर, आगरा और मेरठ समेत प्रदेश के 24 जिलों में बारिश का 'येलो अलर्ट' जारी किया गया है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में गरज-चमक के साथ ओलावृष्टि की भी आशंका है। मौसम विभाग का कहना है कि बादलों की आवाजाही और बारिश की वजह से अधिकतम तापमान में 4 से 5 डिग्री की कमी आ सकती है, जिससे दिन में भी रात जैसी ठंड का एहसास होगा।
इन राज्यों में बरसेंगे बादल और गिरेगी बर्फ
मौसम विभाग ने उत्तर भारत के जिन राज्यों के लिए विशेष चेतावनी जारी की है, वे इस प्रकार हैं:-
जम्मू-कश्मीर और लद्दाख: भारी बर्फबारी और बारिश का सिलसिला जारी रहेगा।
हिमाचल और उत्तराखंड: अगले 48 घंटों तक मध्यम से भारी हिमपात की चेतावनी।
पंजाब और हरियाणा: तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश के आसार।
राजस्थान: उत्तरी हिस्सों बीकानेर, चुरू में शीतलहर और हल्की बूंदाबांदी की संभावना।
दिल्ली-NCR: बर्फीली हवाओं के साथ छिटपुट बारिश से बढ़ेगी गलन।
यातायात और जनजीवन पर प्रभाव
घने कोहरे, धुंध और अब बारिश के कारण उत्तर भारत का यातायात तंत्र बुरी तरह प्रभावित हुआ है। दृश्यता कम होने की वजह से नेशनल हाईवे पर वाहनों की रफ्तार थम गई है, वहीं दर्जनों ट्रेनें और उड़ानें अपने निर्धारित समय से देरी से चल रही हैं। प्रशासन ने यात्रियों को घर से निकलने से पहले मौसम और ट्रैफिक अपडेट चेक करने की सलाह दी है।










