INDIA V PAKISTAN T20 WORLD CUP 2026: भारतीय क्रिकेट टीम से मिली करारी शिकस्त का असर अब मैदान से ज्यादा पाकिस्तान के सत्ता गलियारों में देखने को मिल रहा है। इस हार ने पाकिस्तान में न केवल क्रिकेट प्रेमियों को निराश किया है, बल्कि वहां के सियासी और सैन्य हल्कों में भी भारी हलचल पैदा कर दी है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, पाकिस्तान के आर्मी चीफ जनरल असीम मुनीर इस हार से बेहद नाराज हैं और उन्होंने सीधे प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से पीसीबी के कामकाज को लेकर अपनी गंभीर आपत्ति दर्ज कराई है।
नकवी के 'अनावश्यक' बयानों से नाराज हुए जनरल मुनीर
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आर्मी चीफ पहले से ही पीसीबी अध्यक्ष मोहसिन नकवी के कामकाज के तरीके से खुश नहीं थे। भारत से मिली हार ने इस नाराजगी को और ज्यादा बढ़ा दिया है। मुनीर का मानना है कि टीम की तैयारी बेहद कमजोर थी और बोर्ड की तरफ से अनावश्यक बयानबाजी की गई।
दरअसल, विवाद उस समय शुरू हुआ जब एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान नकवी ने आर्मी चीफ का नाम लेते हुए कहा था कि वे भारत या आईसीसी की धमकियों से नहीं डरते और न ही फील्ड मार्शल असीम मुनीर डरते हैं। बताया जा रहा है कि यह बयान सेना की अनुमति के बिना दिया गया था, जिसे मर्यादा पार करना माना गया।
भारत के खिलाफ हार को सत्ता ने माना 'अस्तित्व की लड़ाई'
पाकिस्तान की सत्ता के लिए भारत के खिलाफ क्रिकेट सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि प्रतिष्ठा और प्रतिस्पर्धा का विषय भी है। ऐसे में कमजोर तैयारी और अनावश्यक बयानबाजी के बीच मिली इस बड़ी हार ने हालात और गंभीर बना दिए हैं।
सेना को लगा कि क्रिकेट और प्रशासनिक मुद्दों में इस तरह सेना का नाम खींचना ठीक नहीं था। असीम मुनीर ने प्रधानमंत्री से शिकायत की है कि बोर्ड टीम की सही तैयारी कराने और प्रबंधन संभालने में पूरी तरह विफल रहा है।
खतरे में मोहसिन नकवी की कुर्सी, नए अध्यक्ष की तलाश शुरू?
सूत्रों की माने तो अब पीसीबी अध्यक्ष मोहसिन नकवी की कुर्सी किसी भी वक्त जा सकती है। माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ हालात को शांत करने और टीम में सुधार लाने के लिए नए अध्यक्ष की नियुक्ति पर गंभीरता से विचार कर रहे हैं। हालांकि, इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन सैन्य नेतृत्व के बढ़ते दबाव को देखते हुए बोर्ड में बड़े बदलाव की पूरी संभावना जताई जा रही है।











