मिडिल ईस्ट में तनाव के बीच भारत के लिए राहत की खबर आई है। युद्ध क्षेत्र से सुरक्षित निकला जहाज शिवालिक भारत पहुंच गया है। कल जग लाडकी की भी घर वापसी होगी।

Indian Vessel Shivalik: मिडिल ईस्ट (Middle East) में बढ़ते तनाव और ईरान द्वारा हॉर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) की घेराबंदी के बीच भारत के लिए राहत भरी खबरें आ रही हैं। बंदरगाह, नौवहन और जलमार्ग मंत्रालय के अनुसार, भारतीय जहाजों का संचालन पूरी तरह स्थिर है और सभी नाविक (Seafarers) सुरक्षित हैं। इस बीच भारत सरकार ने जानकारी दी है कि 'शिवालिक' जहाज एलपीजी लेकर सुरक्षित भारत पहुंच गया है।

एलपीजी लेकर शिवालिक की घर वापसी
मंत्रालय ने पुष्टि की है कि भारतीय जहाज 'शिवालिक' एलपीजी लेकर सुरक्षित रूप से हॉर्मुज जलडमरूमध्य को पार कर भारत पहुंच चुका है। वहीं, संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से कच्चा तेल (Crude Oil) लेकर आ रहा एक अन्य विशाल टैंकर 'जग लाडकी' सुरक्षित रूप से अपने मार्ग पर है और कल मुंद्रा पोर्ट (Mundra Port) पहुंचने की उम्मीद है। वर्तमान में हॉर्मुज के पश्चिम में भारत के 22 मालवाहक जहाज तैनात हैं, जिनकी निगरानी की जा रही है।

ईरान से 550 भारतीयों का सफल रेस्क्यू
युद्ध की स्थिति को देखते हुए भारत सरकार ने ईरान से अपने 550 से अधिक नागरिकों को सफलतापूर्वक निकाल लिया है। इन नागरिकों को आर्मेनिया (Armenia) के रास्ते सड़क मार्ग से रेस्क्यू किया गया। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने इस कठिन समय में सहयोग के लिए आर्मेनिया सरकार का आभार व्यक्त किया है। सरकार ने ईरान में मौजूद अन्य भारतीयों को भी आर्मेनिया और अजरबैजान की ओर बढ़ने की सलाह दी है।

JNPT पोर्ट का बड़ा ऐलान: 15 दिनों तक स्टोरेज फ्री
सप्लाई चेन को प्रभावित होने से बचाने के लिए नवी मुंबई स्थित जवाहरलाल नेहरू पोर्ट (JLN Port) ने महत्वपूर्ण फैसला लिया है। पोर्ट ने कार्गो आवाजाही को बढ़ावा देने के लिए 15 दिनों तक स्टोरेज शुल्क (Storage Charges) में 100% की छूट देने की घोषणा की है। साथ ही, पिछले 25 घंटों के भीतर 33 भारतीय नाविकों की सुरक्षित वतन वापसी सुनिश्चित की गई है।