haribhoomi hindi news
पश्चिम बंगाल पुलिस ने मालदा हिंसा के मुख्य आरोपी और AIMIM नेता मोफक्करुल इस्लाम को बागडोगरा एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया। इस्लाम पर भीड़ को उकसाने और हिंसा भड़काने का आरोप है।

Malda Violence Mastermind Arrested: पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के कालियाचक और सुजापुर में हुई हिंसा के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। हिंसा के मुख्य साजिशकर्ता माने जा रहे AIMIM नेता और अधिवक्ता मोफक्करुल इस्लाम (Mofakkerul Islam) को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस्लाम उस समय पुलिस के हत्थे चढ़ा जब वह सिलीगुड़ी के बागडोगरा एयरपोर्ट से राज्य छोड़कर भागने की कोशिश कर रहा था।

पुलिस की जाल से बच नहीं पाया मोफक्करुल
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मोफक्करुल इस्लाम के खिलाफ पुख्ता सबूत मिलने के बाद से ही उसकी तलाश तेज कर दी गई थी। खुफिया जानकारी मिली थी कि वह गिरफ्तारी से बचने के लिए हवाई मार्ग का सहारा ले सकता है। इसके बाद पुलिस की एक विशेष टीम ने बागडोगरा हवाई अड्डे पर जाल बिछाया और टर्मिनल के पास से उसे धर दबोचा।

AIMIM का रहा है प्रमुख चेहरा
गिरफ्तार मोफक्करुल इस्लाम पेशे से वकील है और असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM का बंगाल में सक्रिय चेहरा रहा है। उसने साल 2021 के विधानसभा चुनाव में उत्तर दिनाजपुर की इटाहार सीट से चुनाव भी लड़ा था। जांच में सामने आया है कि पिछले कुछ दिनों से मालदा के सुजापुर और कालियाचक में हुए हिंसक प्रदर्शनों का नेतृत्व वही कर रहा था।

प्रशासन को दी थी खुली चुनौती
इस्लाम की गिरफ्तारी की एक बड़ी वजह उसका वह वायरल वीडियो भी है, जिसमें वह बेहद आक्रामक तेवर में जिले के डीएम और एसपी को ललकारता नजर आ रहा था। वीडियो में वह चिल्लाते हुए कह रहा था, "ओए डीएम, एसपी... सीआईडी कहां हो? आईबी कहां है?" इस तरह खुलेआम प्रशासन को चुनौती देने और भीड़ को भड़काने के बाद वह लगातार पुलिस के राडार पर था।

गहरी साजिश की जांच जारी
फिलहाल मोफक्करुल इस्लाम पुलिस की हिरासत में है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या सुजापुर में हुई हिंसा किसी बड़ी और गहरी साजिश का हिस्सा थी या यह अचानक भड़का हुआ आक्रोश था। पुलिस को उम्मीद है कि इस्लाम से पूछताछ में हिंसा से जुड़े कई अन्य चेहरों का भी खुलासा हो सकता है।

7