Logo
Naresh Goyal Wife Anita Goyal Passes Away: जेट एयरवेज के संस्थापक नरेश गोयल की पत्नी अनीता गोयल का बीमारी से जूझने के बाद गुरुवार को निधन हो गया। उनका अंतिम संस्कार मुंबई में होगा।

Naresh Goyal Wife Anita Goyal Passes Away: जेट एयरवेज के संस्थापक नरेश गोयल की पत्नी अनीता गोयल का गुरुवार सुबह निधन हो गया। वह लंबे समय से कैंसर से जूझ रही थीं। परिवार के एक करीबी सूत्र ने कहा कि अनीता ने गुरुवार, 16 मई की तड़के करीब 3 बजे मुंबई के अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनके शव को अस्पताल से घर लाया जाएगा। नरेश गोयल फिलहाल अपने मुंबई स्थित आवास पर हैं।गोयल के परिवार में दो बच्चे नम्रता और निवान गोयल हैं। 

नरेश गोयल खुद भी घातक बीमारी कैंसर से जूझ रहे हैं। अनीता गोयल का अंतिम संस्कार मुंबई में होगा। नरेश गोयल को ईडी ने सितंबर 2023 में मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप में गिरफ्तार किया था और उसी साल बाद में अनीता को भी गिरफ्तार किया गया था।

6 मई को जेल से बाहर आए थे नरेश गोयल
इस महीने की शुरुआत में नरेश गोयल ने अपनी पत्नी के साथ रहने के लिए चिकित्सा और मानवीय आधार पर बॉम्बे हाई कोर्ट से अंतरिम जमानत मांगी थी। उनके वकीलों ने कहा था कि अनीता गोयल के पास जीने के लिए केवल कुछ महीने हैं, और वह उनके साथ रहना चाहते हैं। दोनों गोयल कैंसर का इलाज करा रहे थे। नरेश गोयल 6 मई को जमानत पर जेल से बाहर आए थे।

539 करोड़ की हेराफेरी का आरोप
नरेश गोयल को मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप में सितंबर 2023 में ईडी ने गिरफ्तार किया था। उन्होंने कथित तौर पर केनरा बैंक द्वारा जेट एयरवेज को दिए गए 539 करोड़ रुपये के ऋण की हेराफेरी की थी। ईडी द्वारा अपनी चार्जशीट दाखिल करने के बाद अनीता गोयल को भी नवंबर 2023 में गिरफ्तार किया गया था। हालांकि, कैंसर के कारण उनकी बिगड़ती स्वास्थ्य स्थिति के कारण एक विशेष अदालत ने उसी दिन उन्हें जमानत दे दी।

5379487