India Lockdown Rumours: देश के कई हिस्सों में एलपीजी (LPG) और ईंधन की कमी की खबरों के बीच सोशल मीडिया पर 'पूर्ण लॉकडाउन' की अफवाहें तेज हो गई थीं। इन चर्चाओं पर विराम लगाते हुए केंद्र सरकार ने शुक्रवार को साफ कर दिया कि देश में किसी भी तरह की पाबंदी या लॉकडाउन लगाने की कोई योजना नहीं है। सरकार ने नागरिकों से अपील की है कि वे ऐसी भ्रामक खबरों पर यकीन न करें।
हरदीप सिंह पुरी ने अफवाहों को बताया 'झूठा'
केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि लॉकडाउन की खबरें पूरी तरह से आधारहीन हैं। उन्होंने ट्वीट कर जानकारी दी कि भारत सरकार के पास ऐसा कोई प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है। मंत्री ने जोर देकर कहा कि ऐसे संवेदनशील समय में अफवाह फैलाना गैर-जिम्मेदाराना और हानिकारक हो सकता है।
ईंधन की सप्लाई पर सरकार की पैनी नजर
मंत्री ने देशवासियों को भरोसा दिलाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ऊर्जा और ईंधन की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए सभी जरूरी कदम उठा रही है। उन्होंने कहा, "हम वैश्विक सप्लाई चेन और ऊर्जा क्षेत्र के घटनाक्रमों पर रियल-टाइम नजर रख रहे हैं। भारत किसी भी उभरती चुनौती से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।"
आखिर क्यों शुरू हुई लॉकडाउन की चर्चा?
दरअसल, पिछले दिनों संसद में प्रधानमंत्री मोदी ने पश्चिम एशिया (मिडिल ईस्ट) के तनाव और उसके आर्थिक प्रभाव को लेकर 'तैयारी' (Preparedness) शब्द का इस्तेमाल किया था। इसी बयान को गलत तरीके से पेश कर लॉकडाउन की अफवाहें फैलाई जाने लगीं। इसके अलावा, होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) बंद होने की खबरों के बाद पेट्रोल पंपों पर उमड़ी भीड़ ने भी इस भ्रम को हवा दी।
घबराने की जरूरत नहीं, ऊर्जा भंडार सुरक्षित
केंद्रीय मंत्री ने स्पष्ट किया कि पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बावजूद भारत की ऊर्जा स्थिति सुरक्षित है। सरकार सप्लाई लाइन को दुरुस्त रखने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। उन्होंने जनता से शांत रहने और एकजुट रहने की अपील की है ताकि पैनिक बाइंग (घबराहट में खरीदारी) जैसी स्थिति पैदा न हो।
वैश्विक तनाव का असर
बता दें कि पश्चिम एशिया में पिछले चार हफ्तों से जारी संघर्ष के कारण वैश्विक शिपिंग और ऊर्जा बाजार प्रभावित हुए हैं। हालांकि, भारत सरकार ने वैकल्पिक इंतजामों और रणनीतिक भंडार के जरिए स्थिति को नियंत्रण में रखने का दावा किया है।










