BSF Security Update: भारत की अंतरराष्ट्रीय सीमाओं, विशेष रूप से भारत-बांग्लादेश सीमा पर घुसपैठ और तस्करी एक बड़ी चुनौती बनी हुई है। इस समस्या से निपटने के लिए बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (BSF) अब लीक से हटकर सोचने पर मजबूर है।
बीएसएफ सीमा पर मौजूद नदी और दलदली क्षेत्रों में, जहा बाड़ लगाना संभव नहीं है, वहां 'सांप और मगरमच्छ' जैसे प्राकृतिक अवरोधों का उपयोग करने पर विचार कर रहीं है।
इस रणनीति का मुख्य उद्देश्य मानवीय हस्तक्षेप के बिना एक ऐसा 'नेचुरल बैरियर' तैयार करना है, जिसे पार करना किसी भी घुसपैठिये या तस्कर के लिए जानलेवा साबित हो सके।
क्यों पड़ी इस खास प्लान की जरूरत?
भारत और बांग्लादेश के बीच करीब 4,096 किलोमीटर लंबी सीमा साझा होती है। इसमें से लगभग 175 किलोमीटर का क्षेत्र नदी, नाले और दलदली भूभाग है। इन दुर्गम इलाकों में फेंसिंग या कटीले तार लगाना तकनीकी रूप से काफी चुनौतीपूर्ण और लगभग नामुमकिन रहता है।
सुरक्षा बलों के लिए इन क्षेत्रों में 24 घंटे पैनी नजर रखना मुश्किल होता है, जिसका फायदा उठाकर घुसपैठिये और तस्कर अवैध गतिविधियों को अंजाम देते हैं। 'डिटरेंस-फर्स्ट' स्ट्रैटेजी के तहत अधिकारियों को ऐसे संवेदनशील इलाकों की पहचान करने को कहा गया है, जहा इस तरह की योजना लागू की जा सके।
तस्करी की घटनाओं में बढ़ोत्तरी बनी चिंता की वजह
पूर्वी सीमा पर तस्करी की बढ़ती घटनाएं इस नए प्लान की बड़ी वजह हैं। इसी साल जनवरी में, पश्चिम बंगाल के नदिया जिले में बीएसएफ की 32वीं बटालियन ने करीब एक करोड़ रुपये के सोने के बिस्किट बरामद किए थे।
इससे पहले नवंबर 2025 में भी नदिया जिले में ही तस्करी रोकने के दौरान एक बांग्लादेशी तस्कर की जवाबी कार्रवाई में मौत हो गई थी। तस्करी के दौरान अक्सर तस्करों द्वारा बीएसएफ जवानों पर धारदार हथियारों से हमले किए जाते हैं। ऐसे में मगरमच्छों और सांपों की मौजूदगी घुसपैठियों के मन में मनोवैज्ञानिक डर पैदा करेगी।
आधुनिक तकनीक और भविष्य की रणनीतिहालांकि सांप और मगरमच्छ वाले इस प्रस्ताव पर अभी शुरुआती चर्चा ही चल रही है और कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं हुआ है, लेकिन बीएसएफ सीमा सुरक्षा को लेकर कोई कसर नहीं छोड़ना चाहता। वर्तमान में सुरक्षा बल ड्रोन, सेंसर, इंफ्रारेड कैमरे और अन्य मॉडर्न टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल कर रहे हैं।
मगरमच्छों के इस्तेमाल का विचार उन संवेदनशील इलाकों के लिए आया है जहा बाढ़ का खतरा रहता है या जहा गश्त करना मुश्किल है। यदि यह योजना धरातल पर उतरती है, तो यह दुनिया भर में सीमा प्रबंधन का एक अनोखा और असरदार उदाहरण होगा।










