Logo
Arvind Kejriwal Says AAP Congress Alliance Temporary: अरविंद केजरीवाल दिल्ली शराब घोटाला केस में अंतरिम जमानत पर हैं। उन्हें 10 मई को सुप्रीम कोर्ट से अंतरिम जमानत मिली थी। 2 जून को तिहाड़ जेल अधिकारियों के समक्ष उन्हें आत्मसमर्पण करना होगा।

Arvind Kejriwal Says AAP Congress Alliance Temporary: दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल को 2 जून को सरेंडर करना होगा। उनकी अंतरिम जमानत 7 दिन और बढ़ाए जाने की याचिका सुप्रीम कोर्ट ने खारिज कर दी है। मंगलवार को अरविंद केजरीवाल ने कांग्रेस के साथ गठबंधन, पंजाब में लोकसभा चुनाव और तिहाड़ जेल लौटने के बाद की रणनीतियों पर खुलकर बात की। 

हमारा उद्देश्य फिलहाल भाजपा को हराना
जून के बाद कांग्रेस के साथ गठबंधन से जुड़े सवाल पर दिल्ली सीएम केजरीवाल ने कहा कि कांग्रेस के साथ AAP का गठबंधन स्थाई नहीं है। कांग्रेस के साथ न हमारी लव मैरिज हुई है न ही अरैंज मैरिज। हमारा उद्देश्य फिलहाल भाजपा को हराना और मौजूदा शासन की तानाशाही और गुंडागर्दी को खत्म करना है। दिल्ली में आप और कांग्रेस गठबंधन में है, जबकि पड़ोसी पंजाब में दोनों पार्टियां एक-दूसरे के खिलाफ चुनाव लड़ रही हैं। देश को बचाना महत्वपूर्ण है। भाजपा को हराने के लिए जहां भी गठबंधन की जरूरत थी, आप और कांग्रेस साथ आए और एक उम्मीदवार खड़ा किया। उन्होंने दावा किया कि पंजाब में भाजपा का कोई अस्तित्व नहीं है।

केजरीवाल ने कहा कि 4 जून को चौंकाने वाले नतीजों का इंतजार है। विपक्षी दल INDI गठबंधन लोकसभा चुनाव जीतेगा।

क्या दिल्ली के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देंगे?
केजरीवाल ने कहा कि हम डरेंगे नहीं। दिल्ली के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने का सवाल ही नहीं उठता। मेरा वापस जेल जाना कोई मुद्दा नहीं है। इस देश का भविष्य दांव पर लगा है। वे मुझे जब तक चाहें जेल में रखें, मैं झुकने वाला नहीं हूं। केवल भाजपा के कहने पर दिल्ली के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने का सवाल ही नहीं उठता।

स्वाति मालीवाल केस पर टिप्पणी करने से इंकार
अरविंद केजरीवाल ने आप की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल से जुड़े कथित मारपीट मामले पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि मामला अदालत में है। हम सभी अदालत के फैसले का इंतजार कर रहे हैं। 

योगी आदित्यनाथ को हटाया जाएगा
दिल्ली के मुख्यमंत्री ने एक बार फिर अपनी उस बात को दोहराया कि अगर भाजपा सत्ता में लौटी तो प्रधानमंत्री जल्द ही उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का राजनीतिक करियर खत्म कर देंगे। उन्होंने कहा कि मैं अपने रुख पर कायम हूं कि अगर प्रधानमंत्री मोदी जीतते हैं तो योगी आदित्यनाथ का भविष्य संदेह में पड़ जाएगा।

केजरीवाल ने इससे पहले लखनऊ में कहा था कि पीएम मोदी 2025 में अपने बर्थडे पर गृह मंत्री शाह को अपना उत्तराधिकारी घोषित करेंगे और उन्हें पीएम बनाएंगे। जबकि उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ को उनकी कुर्सी से हटा दिया जाएगा। 

2 जून को सरेंडर करेंगे केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल दिल्ली शराब घोटाला केस में अंतरिम जमानत पर हैं। उन्हें 10 मई को सुप्रीम कोर्ट से अंतरिम जमानत मिली थी। 2 जून को तिहाड़ जेल अधिकारियों के समक्ष उन्हें आत्मसमर्पण करना होगा। आप मुखिया को लोकसभा चुनाव में प्रचार के लिए अंतरिम जमानत दी गई है। उन्हें 21 मार्च को प्रवर्तन निदेशालय ने उनके आवास से गिरफ्तार किया था।  यहां पढ़ें पूरी खबर

5379487