नई दिल्ली: हफ्ते के पहले कारोबारी दिन, सोमवार को भारतीय शेयर बाजार में भारी गिरावट दर्ज की गई। बाजार खुलते ही सेंसेक्स और निफ्टी दोनों इंडेक्स ताश के पत्तों की तरह बिखर गए। महज शुरुआती 5 मिनट के कारोबार में ही निवेशकों के लगभग 13 लाख करोड़ रुपये डूब गए।
इस जबरदस्त क्रैश के कारण बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप गिरकर करीब 436 लाख करोड़ रुपये पर आ गया है।
सेंसेक्स और निफ्टी में ऐतिहासिक गिरावट
सोमवार को बाजार के ओपन होते ही सेंसेक्स और निफ्टी में भारी बिकवाली देखी गई:-
- BSE Sensex: पिछले बंद 78,918.90 के मुकाबले फिसलकर 77,056.75 पर खुला और देखते ही देखते 2400 अंक से ज्यादा की गिरावट के साथ 76,424 के स्तर पर पहुँच गया।
- NSE Nifty: पिछले बंद 24,450 की तुलना में गिरकर 23,868 पर ओपन हुआ और 5 मिनट के भीतर 700 अंक से ज्यादा की गिरावट लेकर 23,600 के नीचे आ गया।
क्रैश की बड़ी वजह: $100 के पार पहुंचा क्रूड ऑयल
शेयर बाजार में आई इस सुनामी के पीछे सबसे बड़ा कारण अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच बढ़ता युद्ध माना जा रहा है। युद्ध के चलते अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में भारी तेजी आई है। साल 2022 के बाद पहली बार कच्चे तेल के दाम 100 डॉलर प्रति बैरल के पार निकल गए हैं। तेल की कीमतों में इस उछाल ने वैश्विक अर्थव्यवस्था के साथ-साथ भारतीय बाजार के सेंटिमेंट को भी पूरी तरह बिगाड़ दिया है।
तेल कंपनियों के शेयरों में 9% तक की गिरावट
क्रूड की बढ़ती कीमतों का सबसे बुरा असर तेल मार्केटिंग कंपनियों के शेयरों पर देखने को मिला। खबर लिखे जाने तक इन कंपनियों के शेयर 7 से 9 फीसदी तक टूट चुके थे:-
HPCL Share: 8.67% गिरकर 370.10 रुपये पर आ गया।
BPCL Share: 7.49% की गिरावट के साथ 326.25 रुपये पर ट्रेड कर रहा था।
IOCL Share: 7.29% फिसलकर 156.30 रुपये पर पहुँच गया।
लार्जकैप और मिडकैप शेयरों का बुरा हाल
बाजार में मचे कोहराम के बीच लगभग हर सेक्टर के दिग्गज शेयरों में गिरावट रही:-
लार्जकैप: IndiGo (8%), SBI (5.90%), Tata Steel (4.99%), Asian Paints (4.71%), Maruti (4.67%) और Axis Bank (4.02%) जैसे शेयर बुरी तरह गिरे।
मिडकैप: Hindustan Petroleum (7.20%), Federal Bank (4.60%), और Paytm (4.40%) के शेयरों में भी भारी गिरावट दर्ज की गई।