किसानों का आज भारत बंद आह्वान: केंद्र ने MSP पर मांगा वक्त, किसान बोले- हम पाकिस्तान नहीं, शांतिपूर्ण समाधान हैं चाहते

Bharat Bandh Kisan Andolan: किसानों के प्रदर्शन का आज शुक्रवार को चौथा दिन है। संयुक्त किसान मोर्चा और मजदूर संघ ने आज भारत बंद का आह्वान किया है। इसका असर पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और दिल्ली में दिख सकता है। पंजाब में सभी ट्रांसपोर्ट बंद रहेंगे। भारतीय किसान यूनियन (चढ़ृनी) के कार्यकर्ता हरियाणा के सभी टोल दोपहर 12 से 3 बजे तक फ्री करेंगे। भारत बंद शुक्रवार सुबह 6 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा।
उधर, गुरुवार शाम किसान नेताओं और केंद्र के मंत्रियों के बीच चंडीगढ़ में हुई तीसरी बैठक भी बेनतीजा रही। यह बैठक रात 8 बजे से डेढ़ बजे तक चली। किसान नेता एमएसपी गारंटी पर अड़े हैं। सूत्रों का कहना है कि सरकार ने एमएसपी पर कानून बनाने के लिए कमेटी बनाने का प्रस्ताव दिया है। जिसमें किसान और सरकार दोनों के प्रतिनिधि होंगे। अब रविवार को फिर से बैठक होगी। दोनों पक्षों ने शांति बनाए रखने का आश्वासन दिया है। बैठक में केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, पीयूष गोयल, नित्यानंद राय और पंजाब के सीएम भगवंत मान भी मौजूद रहे।
