Logo
election banner
साल 2023 कुछ ही दिनों में बीतने वाला है। इस बीत रहे वर्ष में राष्ट्रीय स्तर पर बहुत कुछ ऐसा घटित हुआ जो अभूतपूर्व था। कई ऐतिहासिक उपलब्धियां भी हमने हासिल कीं। विभिन्न क्षेत्रों में हासिल की गई उपलब्धियों और सफलताओं पर अवलोकन।

Achievements 2023: कुछ ही दिनों में ही साल 2023 इतिहास का हिस्सा बन जाएगा और इसी के ओझल होते कदमों से उम्मीदों से भरे साल 2024 की शुरुआत होगी। जब एक पूरा साल गुजरता है तो हम मुड़कर गुजरे हुए साल को जरूर एक बार देखते हैं। ठहर कर सोचने और समझने की कोशिश करते हैं कि यह साल कितना महत्वपूर्ण था या कि इसे हम और कैसे अपने लिए बेहतर बना सकते थे?

जनवरी 2023 (January 2023 Achievement)

  1. साल 2023 की शुरुआत में यानी जनवरी माह में सर्वोच्च न्यायालय की 5 जजों की एक संविधान पीठ ने भारत सरकार के विरुद्ध नोटबंदी(Demonetization) के फैसले को चुनौती देने वाली एक दो नहीं पूरी 58 याचिकाओं को एक साथ खारिज कर दिया। देश की सबसे बड़ी अदालत ने अपने इस फैसले से यह संदेश देने की कोशिश तो की ही कि सरकार के नीतिगत निर्णयों को तात्कालिक प्रतिक्रियाओं और विरोध की राजनीति से घेरा नहीं जा सकता।
  2. जनवरी में कर्नाटक के देवनहल्ली शहर में केंद्रीय जासूसी प्रशिक्षण संस्थान(Central Espionage Training Institute) ने कार्य करना शुरू किया।
  3. जनवरी 2023 में ही भारत के मुख्य न्यायाधीश डी.वाई. चंद्रचूड़ ने ‘इलेक्ट्रॉनिक सुप्रीम कोर्ट रिपोर्ट’(Electronic Supreme Court Report) परियोजना की घोषणा की, जिसका उद्देश्य आम वकीलों से लेकर कानून के छात्रों और आम जनता तक को सर्वोच्च न्यायालय के फैसले तक पहुंचने की सुविधा प्रदान करना है।
  4. साल के पहले महीने की अन्य कई महत्वपूर्ण घटनाओं में कैप्टन शिवा चौहान, सियाचिन ग्लेशियर में ऑपरेशनल उद्देश्य से तैनात होने वाली पहली महिला सैन्य अधिकारी बनीं, तो इसी महीने केंद्र सरकार ने गैर कानूनी गतिविधि रोकथाम अधिनियम के तहत ‘द रेसिस्टेंस फ्रंट’ को आतंकवादी संगठन घोषित किया।
  5. जनवरी 2023 में पूरे प्रांत में डिजिटल बैंकिंग(Digital Banking) सुविधा मुहैय्या कराने वाला केरल देश का पहला राज्य बन गया।
  6. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाराणसी से बांग्लादेश होते हुए असम के डिब्रूगढ़ तक 3,200 किलोमीटर की दूरी तय करने वाले दुनिया के सबसे लंबे रिवर क्रूज एमवी गंगा विलास(MV Ganga Vilas) को वाराणसी में हरी झंडी दिखाई।
  7. इसी जनवरी माह में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने सीमा सड़क संगठन द्वारा अरुणाचल प्रदेश की सिओम नदी(Siom River) पर बनाए गए पुल का उद्घाटन किया।

फरवरी 2023 (Febuary 2023 Achievement)

  1. इस साल फरवरी में पहली बार 20 फरवरी 2023 को लद्दाख के पैंगोंग त्सो झील(Pangong Tso Lake) में फ्रोजन लेक मैराथन आयोजित की गई। इसे गिनीज बुक ऑफ रिकॉर्ड(Guinness Records) में सबसे ऊंची फ्रोजन लेक(Highest Frozen Lake) का दर्जा मिला।
  2. इसी महीने मुंबई में पहली बार एक वातानुकूलित डबल डेकर इलेक्ट्रिक बस(Double Decker Electric Bus) की शुरुआत हुई और इसी महीने पहली बार केरल के त्रिशूर स्थित इरिंजादापल्ली श्री कृष्णा मंदिर में रमन नामक एक रोबोटिक हाथी(Robotic Elephant) को पेश किया गया, यह 11 फीट ऊंचा और 800 किलोग्राम का है।
  3. भारतीय टीम ने आईसीसी के टेस्ट टीम रैंकिंग में पहला स्थान हासिल करके क्रिकेट जगत में एक नया इतिहास रच दिया था। भारतीय क्रिकेट इतिहास में यह पहला मौका है जब राष्‍ट्रीय टीम तीनों प्रारूपों में एक साथ शीर्ष पर काबिज हुई थी।
  4. इस साल फरवरी में ही केरल देश का पहला ऐसा राज्य बना, जहां सीवेज की सफाई के लिए रोबोटिक स्क्वेंजर ‘बैंडीक्यूट’(Robotic Scavenger ‘Bandicoot’) को लांच किया। 

मार्च 2023 (March 2023 Achievement)

  1. मार्च 2023 में सुरेखा यादव(Surekha Yadav) एशिया महाद्वीप की पहली महिला लोकोमोटिव पायलट(First Female Locomotive Pilot) बनीं। सुरेखा यादव ने 13 मार्च को वंदे भारत एक्सप्रेस(Vande Bharat Express) को सोलापुर से सीएसएमटी तक पटरी पर दौड़ाया। इसके साथ ही वह वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को चलाने वाली पहली महिला लोको पायलट भी बन गईं।
  2. मार्च के आखिर में राष्ट्रीय डेयरी अनुसंधान संस्थान करनाल(National Dairy Research Institute Karnal) ने घोषणा की कि उसने पहली बार गाय की देसी नस्ल गीर का क्लोन बछड़ा पैदा किया।

अप्रैल 2023 (April 2023 Achievement)

चुनाव आयोग ने कर्नाटक विधानसभा चुनाव में पहली बार ‘वोट फ्रॅाम होम’(Vote From Home) की शुरुआत की, इसके तहत ऐसे व्यक्ति जो वोट डालने मतदान केंद्र तक नहीं जा सकते, उनके घर में वोट डालने की व्यवस्था की जाएगी। 

मई 2023 (May 2023 Achievement)

  1. मई 2023 में भारत और बांग्लादेश के बीच व्यापार को बढ़ावा देने के लिए मेघालय के जयंतियां हिल्स में दावकी भूमि बंदरगाह(Dawki Land Port) का उद्घाटन किया गया।
  2. इसी महीने केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने लर्निंग मैनेजमेंट इंफॉर्मेशन सिस्टम ‘सक्षम’(Learning Management Information System ‘Saksham’) को लांच किया, जिसका उद्देश्य भारत में स्वास्थ्य पेशेवरों को उच्चस्तरीय चिकित्सा प्रशिक्षण प्रदान करना है। 

जून 2023 (June 2023 Achievement)

  1. जून माह में दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में उत्तर भारत का पहला ‘स्किन बैंक’('Skin Bank') खोला गया, जहां मृत व्यक्तियों की त्वचा दान की जाती है।
  2. जून 2023 में भारत 1.45 लाख किलोमीटर राष्ट्रीय राजमार्ग के साथ अमेरिका के बाद दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा राजमार्ग नेटवर्क(Second Largest Highway Network) वाला देश बन गया।

जुलाई 2023 (July 2023 Achievement)

  1. केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने जुलाई माह में घोषणा की कि 1 जनवरी 2025 के बाद से सभी ट्रकों के केबिन अनिवार्य रूप से वातानुकूलित प्रणाली(Truck AC Cabin) वाले होंगे।
  2. उत्तर प्रदेश के नोएडा में देश का पहला ‘वेद वन पार्क’(Veda Forest Park) नामक वैदिक थीम वाला पार्क खोला गया, जहां 50,000 से ज्यादा औषधीय पौधे लगाए गए हैं। पार्क को वैदिककाल के साथ ऋषि मुनियों के नाम पर बांटा गया है।

अगस्त 2023 (August 2023 Achievement)

  1. 23 अगस्त 2023 को भारतीय समयानुसार शाम 6 बजकर 4 मिनट पर चंद्रयान-3(Chandrayaan-3) की चांद की सतह पर सफल लैंडिंग हो गई, इसे 14 जुलाई 2023 को दोपहर 2 बजकर 35 मिनट पर प्रक्षेपित किया गया था।
  2. 25 अगस्त 2023 को कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने दिल्ली में न्याय तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए टेली-लॉ और न्यायबंधु एप(Tele-Law and Nyayabandhu App) को एकीकृत करने वाला टेली-लॉ-2.0 लांच किया।
Chandrayaan-3

सितंबर 2023 (September 2023 Achievement)

  1. अमेजन इंडिया ने श्रीनगर की डल झील(Dal Lake) पर देश का पहला तैरता हुआ ‘आई हैव स्पेस’ स्टोर(‘I Have Space’ Store) लांच किया।
  2. सितंबर 2023 में मध्य प्रदेश का सांची शहर भारत का पहला सोलर सिटी(Sanchi Solar City) बन गया।
  3. सितंबर में ही बेंग्लुरु में देश का पहला अंडरग्राउंड ट्रांसफार्मर सेंटर(First Underground Transformer Center) स्थापित किया गया।
  4. त्रिपुरा सरकार ने सितंबर 2023 में ग्रामीण इलाकों में महिलाओं के लिए अलग से पिंक शौचालय(Pink Toilet) निर्मित करने की घोषणा की। 

अक्टूबर 2023 (October 2023 Achievement)

  1. 2 अक्टूबर 2023 को बिहार सरकार द्वारा जाति आधारित सर्वेक्षण(Caste Based Survey) को सार्वजनिक किया गया।
  2. यूनेस्को(UNESCO) विश्व धरोहर में शामिल तमिलनाडु के ममल्लापुरम में स्थित तट मंदिर भारत का पहला हरित ऊर्जा पुरातत्व स्थल बन गया।
  3. एनसीईआरटी(NCERT) ने देशभर की सभी पाठ्य पुस्तकों में ‘इंडिया’(India) शब्द की जगह ‘भारत’(Bharat) किए जाने की मंजूरी प्रदान की। 

नवंबर 2023 (November 2023 Achievement)

  1. नवंबर माह में विराट कोहली(Virat Kohli) ने एकदिवसीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक बनाने के सचिन तेंदुलकर(Sachin Tendulkar) के रिकॉर्ड को तोड़ दिया।
  2. इसी माह यूनेस्को द्वारा केरल के कोझीकोड शहर को साहित्य का शहर(Kozhikode city is known as city of literature) और मध्य प्रदेश के ग्वालियर शहर को संगीत का शहर(Gwalior City is City of Music) घोषित किया।
Virat Kohli

दिसंबर 2023 (December 2023 Achievement)

  1. नोकिया ने देश के पहले वाईफाई-6(Wifi-6) रेडी ब्रॉडबैंड नेटवर्क लांच करने के लिए टाटा प्ले फाइबर के साथ साझेदारी की।
  2. इसी माह अरुणाचल प्रदेश में दुनिया की सबसे ऊंची माउंटेन बाइक रेस शुरू की गई।
  3. दिसंबर में फोर्ब्स बिजनेस पत्रिका ने 2023 में दुनिया की 100 सबसे ताकतवर महिलाओं की लिस्ट जारी की, जिसमें चार भारतीय महिलाएं भी शामिल हैं।
  4. इसी महीने यूनेस्को ने गुजरात के गरबा नृत्य को मानवता की अमूर्त सांस्कृतिक विरासत की मान्यता दी।
  5. दिसंबर में दिल्ली विश्वविद्यालय ब्रिटिश फर्म क्वॉकरेली साइमंड्स यानी क्यूएस की जारी की गई वैश्विक विश्वविद्यालयों की सूची में मौजूद अकेला भारतीय विश्वविद्यालय है और इसी माह वैशाली रमेश बाबू भारत की 84वीं ग्रैंडमास्टर बन गईं।

प्रस्तुति:- लोकमित्र गौतम

5379487