Stuffed Tandoori Aloo: अगर आप कुछ अलग और मसालेदार खाने के शौकीन हैं, तो भरवां तंदूरी आलू आपके लिए एक परफेक्ट रेसिपी है। बाहर रेस्टोरेंट या ढाबों में मिलने वाला यह स्वादिष्ट डिश अब आप घर पर भी आसानी से बना सकते हैं।
खास बात यह है कि इसमें उबले आलू के अंदर मसालेदार स्टफिंग भरकर तंदूरी फ्लेवर दिया जाता है, जो इसे बेहद खास बना देता है। यह डिश पार्टी स्नैक से लेकर डिनर तक हर मौके पर हिट रहती है।
भरवां तंदूरी आलू बनाने के लिए सामग्री
- आलू - 6-7 मध्यम आकार
- पनीर - 100 ग्राम
- दही - 1/2 कप
- अदरक-लहसुन पेस्ट - 1 चम्मच
- हरी मिर्च - 2 बारीक कटी
- धनिया पत्तियां - 2 चम्मच
- लाल मिर्च पाउडर - 1 चम्मच
- हल्दी - 1/2 चम्मच
- गरम मसाला - 1/2 चम्मच
- चाट मसाला - 1/2 चम्मच
- नमक - स्वादानुसार
- तेल - 2 चम्मच
भरवां तंदूरी आलू बनाने का तरीका
भरवां तंदूरी आलू बनाना बहुत सरल है। इसके लिए सबसे पहले 6-7 मध्यम आकार के आलू को उबाल लें। ठंडा होने पर उनका छिलका उतार लें और बीच से हल्का सा खोखला कर लें ताकि उसमें स्टफिंग भरी जा सके।
एक बाउल में पनीर (मैश किया हुआ), बारीक कटी हरी मिर्च, धनिया पत्तियां, नमक, लाल मिर्च पाउडर, गरम मसाला और चाट मसाला डालकर अच्छी तरह मिक्स करें।
अब तैयार स्टफिंग को सावधानी से आलू के अंदर भरें और हल्के हाथ से दबाएं ताकि स्टफिंग बाहर न निकले। एक बाउल में दही, अदरक-लहसुन पेस्ट, हल्दी, लाल मिर्च, धनिया पाउडर और नमक मिलाकर पेस्ट तैयार करें।
अब इसमें भरे हुए आलू डालकर अच्छे से कोट करें और 20-30 मिनट के लिए मेरिनेट होने दें। आप इन आलू को ओवन, तंदूर या तवा पर भी बना सकते हैं। मध्यम आंच पर इन्हें सुनहरा और हल्का क्रिस्प होने तक सेकें।
तैयार भरवां तंदूरी आलू को प्लेट में निकालें और ऊपर से चाट मसाला छिड़ककर हरी चटनी या दही के साथ सर्व करें। आम दिनों के साथ ही खास मौके के लिए भी ये डिश परफेक्ट रहेगी।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।
लेखक: (कीर्ति)