Malai Ghevar Recipe: राजस्थानी मलाई घेवर को देखते ही मीठे के शौकीनों के मुंह में पानी आने लगता है। खास मौकों पर इसका मुंह में घुलता अनूठा स्वाद किसी को भी इस स्वीट डिश का दीवाना बना सकता है। इसकी जालीनुमा बनावट, चाशनी की मिठास और ऊपर से जमी मलाई-रबड़ी की परत इसके स्वाद को स्पेशल बना देती है।
परफेक्ट घेवर बनाना एक कला है। सही घोल, सही तापमान और सही तकनीक से तैयार किया गया घेवर बाहर से कुरकुरा और अंदर से रसदार होता है। अगर आप भी किसी खास मौके पर घर में शाही मिठाई बनाकर मेहमानों को प्रभावित करना चाहते हैं, तो इस पारंपरिक रेसिपी को अपनाएं।
मलाई घेवर बनाने के लिए सामग्री
- 2 कप मैदा
- 1/2 कप घी (ठंडा और जमे हुए रूप में)
- 1 कप ठंडा पानी (जरूरत अनुसार)
- 3-4 बर्फ के टुकड़े
- 2 कप घी या रिफाइंड तेल (तलने के लिए)
- 11/2 कप चीनी
- 1 कप पानी (चाशनी के लिए)
- 1/2 छोटी चम्मच इलायची पाउडर
- 1 कप गाढ़ी मलाई या रबड़ी
- कटे हुए बादाम-पिस्ता
- चांदी का वर्क (वैकल्पिक)
मलाई घेवर बनाने का तरीका
मलाई घेवर एक स्वादिष्ट स्वीट डिश है। इसे तैयार करने के लिए सबसे पहले एक गहरे बर्तन में घी और बर्फ के टुकड़े डालकर अच्छी तरह फेंटें, जब तक घी क्रीमी और सफेद न हो जाए। अब धीरे-धीरे मैदा मिलाएं और ठंडा पानी डालते हुए पतला, बहने वाला घोल तैयार करें। ध्यान रखें कि घोल में गांठें न रहें और इसकी कंसिस्टेंसी छाछ जैसी हो।
एक पैन में चीनी और पानी डालकर मध्यम आंच पर पकाएं। जब एक तार की चाशनी तैयार हो जाए, तो उसमें इलायची पाउडर मिलाएं और गैस बंद कर दें। चाशनी को गुनगुना ही रखें। इसके बाद एक गहरे और संकरे बर्तन में घी या तेल गरम करें।
Henna on Hairs: बालों में मेहंदी लगाने का सही तरीका जानते हैं? स्टेप बाय स्टेप समझें कैसे अप्लाई करें
Turmeric Powder: मिलावटी हल्दी से बचना चाहते हैं? घर पर कच्ची हल्दी से ऐसे तैयार करें शुद्ध मसाला
Isabgol Benefits: पेट की समस्याओं में रामबाण है ईसबगोल! इन तरीकों से करें सेवन, मिलेंगे बड़े फायदे
घी/तेल अच्छी तरह गरम हो जाए, तो एक कलछी से ऊपर से धीरे-धीरे घोल बीच में डालें। घोल डालते ही उसमें जालीदार संरचना बनेगी। बीच में हल्का छेद बनाएं और इसी तरह 2-3 बार घोल डालकर परतें तैयार करें। जब घेवर सुनहरा हो जाए, तो सावधानी से निकालकर अतिरिक्त तेल निकाल दें।
तले हुए घेवर को गुनगुनी चाशनी में 1-2 मिनट के लिए डुबोकर निकाल लें। इससे घेवर में सही मिठास समा जाएगी। अब घेवर के ऊपर गाढ़ी मलाई या रबड़ी की परत लगाएं। कटे हुए मेवे और चांदी का वर्क लगाकर सजाएं। चाहें तो हल्का केसर दूध भी डाल सकते हैं। मलाई घेवर सर्व करने के लिए रेडी है।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।