Cheese Bread Roll: बच्चों के लंच बॉक्स के लिए परफेक्ट है चीज़ ब्रेड रोल, स्वाद ऐसा कि बार-बार करेंगे इसकी डिमांड

Cheese bread Roll Recipe
X
चीज़ ब्रेड रोल बनाने का तरीका।
Cheese Bread Roll: नाश्ते और स्नैक्स के लिए चीज़ ब्रेड रोल परफेक्ट रेसिपी है। इसे बच्चों के लंच बॉक्स में भी रखा जा सकता है। जानते हैं इस डिश को बनाने का तरीका।

Cheese Bread Roll: चीज़ ब्रेड रोल एक परफेक्ट फूड डिश है जो बच्चों को खूब पसंद आती है। कई घरों में सुबह के वक्त इस बात को लेकर चिंता रहती है कि बच्चों के टिफिन में क्या रखा जाए जो उन्हें पसंद आए। इस कड़ी में चीज़ ब्रेड रोल एक बढ़िया फूड डिश है जिसे बच्चे खूब चाव से खाते हैं। दिन में स्नैक्स के तौर पर भी चीज ब्रेड रोल को खाया जा सकता है।

चीज़ ब्रेड रोल का स्वाद वैसे तो हर कोई पसंद करता है। इस रेसिपी में चीज का इस्तेमाल होने से ये हेल्दी भी हो जाती है। जानते हैं आखिर चीज ब्रेड रोल कैसे बनाया जाता है।

चीज़ ब्रेड रोल बनाने के लिए सामग्री
ब्रेड स्लाइस - 6
उबले आलू - 2
प्याज बारीक कटी - 1
चीज कसा हुआ - 1/4 कप
कॉर्न फ्लोर - 1 टी स्पून
मैदा - 1 टी स्पून
ब्रेड का चूरा - 1 कप
हरी मिर्च कटी - 2
हरा धनिया कटा - 2 टेबलस्पून
रेड चिली फ्लेक्स - 1 टी स्पून
तेल - तलने के लिए
नमक - स्वाद के अनुसार

चीज़ ब्रेड रोल बनाने का तरीका
चीज़ ब्रेड रोल बनाना आसान है और ये स्वाद से भरपूर फूड डिश है। इसे बनाने के लिए सबसे पहले आलू को उबालें और फिर छिलका उतारकर एक बड़े बर्तन में मैश कर लें। इसके बाद प्याज, हरी मिर्च, हरा धनिया बारीक काटें और आलू में डालकर मिक्स करें। इसमें चिली फ्लैक्स और स्वादानुसार नमक डालकर मिलाएं।

इसे भी पढ़ें: Dahi Boondi Chaat: स्वाद में लाजवाब है दही बूंदी चाट, मुंह में घोल देती है खट्टा-मीठा ज़ायका, इस तरीके से बनाएं

आखिर में मिश्रण में कद्दूकस किया चीज़ डालें और अच्छी तरह से सभी चीजों को मिला लें। इसके बाद ढककर 5 मिनट के लिए अलग रख दें। इस दौरान ब्रेड स्लाइस के किनारों को काट लें। इन्हें पानी में डुबोएं और हल्के हाथों से दबाते हुए पानी निचोड़ लें।

अब ब्रेड स्लाइस को समतल जगह पर फैलाएं और उसके एक किनारे पर तैयार स्टफिंग को रखें और फिर रोल कर लें। इसी तरह सारी ब्रेड स्लाइस से चीज़ रोल तैयार कर लें। अब एक बाउल लें और उसमें मैदा और कॉर्न फ्लोर डालें। इसमें थोड़ा सा पानी डालते हुए गाढ़ी स्लरी तैयार कर लें।

इसे भी पढ़ें: Makhana Laddu: एनर्जी से भर देगा मखाना चूरमा लड्डू, इस तरीके से बनाएंगे तो मिलेगी भरपूर ताकत; स्वाद मिलेगा भरपूर

तैयार रोल्स को मैदा-कॉर्न फ्लोर के घोल में डुबोएं। इसके बाद उन्हें ब्रेड के चूरे में डालकर चारों ओर से कोटिंग कर दें। ब्रेड रोल्स की दो बार अच्छी तरह से चूरे से कोटिंग कर दें।

अब एक कड़ाही में तेल डालकर गर्म करें। तेल गर्म होने के बाद चीज रोल्स को उसमें डालकर डीप फ्राई करें। जब रोल सभी तरह से सुनहरा और क्रिस्पी हो जाए तो कड़ाही से निकाल लें। स्वादिष्ट चीज़ ब्रेड रोल बनकर तैयार हो चुके हैं। इन्हें चटनी या सॉस के साथ सर्व करें।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story