Achari mix veg: अगर रोज़-रोज़ की साधारण सब्जी से मन ऊब गया है और कुछ तीखा, चटपटा और अलग स्वाद चखने का मन है, तो अचारी मिक्स वेज आपके लिए परफेक्ट रेसिपी है। अचार के मसालों की खुशबू और ताजे सब्जियों का मेल इस डिश को खास बनाता है। यह रेसिपी खासतौर पर उन लोगों के लिए है जो ढाबा स्टाइल स्वाद घर पर ही पाना चाहते हैं। घर आए मेहमानों को भी इस सब्जी का स्वाद बहुत भाएगा।
अचारी मिक्स वेज की सबसे बड़ी खासियत है इसका खट्टा-तीखा फ्लेवर, जो सरसों, मेथी, सौंफ और कलौंजी जैसे मसालों से आता है। इसे रोटी, पराठा या पुलाव के साथ सर्व किया जा सकता है। आइए जानते हैं इसे बनाने का आसान और स्वादिष्ट तरीका।
अचारी मिक्स वेज बनाने के लिए सामग्री
- 1 कप फूलगोभी के टुकड़े
- 1 कप गाजर (लंबे कटे हुए)
- 1 कप बीन्स (कटी हुई)
- 1/2 कप शिमला मिर्च
- 2 टमाटर (बारीक कटे)
- 1 प्याज (स्लाइस में कटा)
- 1 बड़ा चम्मच अदरक-लहसुन पेस्ट
- 1/2 चम्मच राई
- 1/2 चम्मच मेथी दाना
- 1/2 चम्मच सौंफ
- 1/4 चम्मच कलौंजी
- 1/2 चम्मच हल्दी पाउडर
- 1 चम्मच लाल मिर्च पाउडर
- 1 चम्मच धनिया पाउडर
- 1/2 चम्मच गरम मसाला
- 1 बड़ा चम्मच अचार का मसाला
- 2 बड़े चम्मच सरसों का तेल
- नमक स्वादानुसार
- हरा धनिया सजावट के लिए
अचारी मिक्स वेज बनाने का तरीका
मसालों का तड़का तैयार करें
सबसे पहले कढ़ाही में सरसों का तेल गरम करें। जब तेल हल्का धुआं छोड़ने लगे तो आंच धीमी करें और उसमें राई, मेथी दाना, सौंफ और कलौंजी डालें। मसाले चटकने लगें तो खुशबू आने लगेगी-यही अचारी स्वाद की शुरुआत है।
प्याज और मसाला भूनें
अब कढ़ाही में प्याज डालकर सुनहरा होने तक भूनें। इसके बाद अदरक-लहसुन पेस्ट डालें और कच्ची खुशबू खत्म होने तक पकाएं। फिर हल्दी, लाल मिर्च, धनिया पाउडर और थोड़ा सा अचार मसाला डालकर मसालों को अच्छी तरह भून लें।
टमाटर और सब्जियां मिलाएं
कटे हुए टमाटर डालें और मसाले के साथ तब तक पकाएं जब तक तेल अलग न होने लगे। अब सारी कटी हुई सब्जियां डालें और अच्छे से मिलाएं। स्वादानुसार नमक डालें।
धीमी आंच पर पकाएं
सब्जियों को ढककर मध्यम आंच पर 10-12 मिनट तक पकाएं। बीच-बीच में चलाते रहें ताकि मसाला नीचे न लगे। जब सब्जियां नरम हो जाएं तो ऊपर से गरम मसाला और थोड़ा अचार मसाला डालें।
आखिरी टच
गैस बंद करें और हरा धनिया डालकर सजाएं। आपकी अचारी मिक्स वेज तैयार है।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।











