Yoga Beginners Tips: योगासन की शुरुआत करने जा रहे हैं? 5 ज़रूरी बातों का रखें ख्याल

योगासन का अभ्यास करने से जुड़ी ज़रूरी बातें।
Yoga Beginners Tips: आजकल लोग फिटनेस के लिए जिम से ज़्यादा योग को तरजीह देने लगे हैं, क्योंकि यह शरीर और मन दोनों को संतुलित रखता है। लेकिन कई बार लोग बिना सही जानकारी के योग की शुरुआत कर देते हैं, जिससे लाभ के बजाय दर्द या थकान जैसी समस्याएं हो सकती हैं। योगासन करने से पहले कुछ बुनियादी बातों का ध्यान रखना बेहद ज़रूरी है, ताकि शरीर को सही मुद्रा, सही सांस और संतुलन मिले।
अगर आप पहली बार योग करने जा रहे हैं तो जल्दबाज़ी न करें। योग का असर धीरे-धीरे शरीर पर दिखता है, लेकिन इसका परिणाम लंबे समय तक टिकता है। सही समय, सही वातावरण और सही गाइडेंस से किया गया योग आपको न केवल स्वस्थ रखेगा बल्कि मानसिक शांति भी देगा। आइए जानते हैं वो ज़रूरी बातें जो हर योग की शुरुआत करने वाले व्यक्ति को ध्यान में रखनी चाहिए।
5 ध्यान देने वाली ज़रूरी बातें
सुबह का समय सबसे बेहतर: योग करने का सबसे अच्छा समय सुबह का माना जाता है। इस समय वातावरण शुद्ध होता है और शरीर में ताजगी बनी रहती है। खाली पेट या हल्का नाश्ता करने के बाद योग करने से ऊर्जा स्तर बढ़ता है और एकाग्रता भी बेहतर होती है।
सही जगह और माहौल चुनें: योग के लिए शांत और खुली जगह का चयन करें। मोबाइल या टीवी जैसी चीज़ों से दूर रहकर जब आप प्रकृति के बीच योग करते हैं, तो इसका असर शरीर और मन दोनों पर कई गुना अधिक होता है।
सही कपड़े और मैट का उपयोग करें: योगासन करते समय ढीले और आरामदायक कपड़े पहनें ताकि शरीर में लचीलापन बना रहे। योग मैट का उपयोग ज़रूर करें ताकि फर्श की ठंडक या कठोरता शरीर को प्रभावित न करे।
वार्मअप करना न भूलें: योग शुरू करने से पहले हल्का वार्मअप ज़रूरी है। इससे शरीर में रक्त संचार तेज़ होता है और मांसपेशियां स्ट्रेच होकर लचीलापन प्राप्त करती हैं। सीधे कठिन आसनों से शुरुआत करने पर चोट या मांसपेशियों में खिंचाव आ सकता है।
सांसों पर नियंत्रण रखें: योग का मूल आधार प्राणायाम है। हर आसन के साथ सांस लेने और छोड़ने का सही तरीका अपनाएं। इससे न केवल फेफड़े मजबूत होते हैं बल्कि तनाव और बेचैनी भी कम होती है। गलत तरीके से सांस लेने पर योग का पूरा लाभ नहीं मिल पाता।
(Disc।aimer: इस आर्टिकल में दी गई सामग्री सिर्फ जानकारी के लिए है। हरिभूमि इनकी पुष्टि नहीं करता है। किसी भी सलाह या सुझाव को अमल में लेने से पहले किसी डॉक्टर/विशेषज्ञ से परामर्श जरूर लें।)
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।
(लेखक:कीर्ति)
