संजय कपूर के निधन के बाद उनके परिवार में संपत्ति और ट्रस्ट को लेकर विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। अब उनकी पत्नी प्रिया सचदेव ने बड़ा कदम उठाते हुए अपनी सास रानी कपूर को आरके फैमिली ट्रस्ट के ट्रस्टी पद से हटा दिया है।

Sunjay Kapur estate: बिजनेसमैन संजय कपूर की मौत के बाद से ही उनकी संपत्ति पर परिवार के बीच चल रहा है विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। इस विरासत को लेकर परिवार में घमासान जारी है जिसमें सास-बहू के बीच कानूनी जंग छिड़ी हुई है। ताजा घटनाक्रम की बात करें तो संजय की तीसरी पत्नी प्रिया सचदेव कपूर ने अपनी सास रानी कपूर को आरके फैमिली ट्रस्ट के ट्रस्टी पद से हटा दिया है।

ट्रस्ट को लेकर बढ़ा विवाद

न्यूज़ एजेंसी ANI के मुताबिक, प्रिय कपूर ने आधिकारिक नोटिस जारी कर रानी कपूर को ट्रस्टी पद से हटाने की जानकारी दी। गौरतलब है कि आरके फैमिली ट्रस्ट की स्थापना साल 2017 में एक प्राइवेट और अपरिवर्तनीय ट्रस्ट के रूप में की गई थी, जिसका लाभ जीवनकाल में केवल संजय कपूर को मिलता था।

संजय कपूर के जून 2025 में निधन के बाद ट्रस्ट से जुड़े लाभ उनके बच्चों- अज़ारियस सूरी कपूर, समायरा कपूर और कियान कपूर को मिलने लगे। (समायरा और कियान करिश्मा व संजय के बच्चे हैं, वहीं अजारियस संजय-प्रिया का बेटा है)

 

Sunjay Kapur Family

नोटिस में क्या कहा गया

जारी नोटिस में कहा गया है कि संजय कपूर के निधन के बाद रानी कपूर की कुछ गतिविधियों को लेकर गंभीर चिंताएं सामने आई थीं। जनवरी 2026 में उन्हें एक ‘सीज एंड डेसिस्ट’ नोटिस भी भेजा गया था।

इसके अलावा, रानी कपूर द्वारा दिल्ली हाई कोर्ट में ट्रस्ट की वैधता को चुनौती देने और उसकी संपत्तियों को लेकर राहत मांगने का भी जिक्र किया गया है।

प्रिया कपूर ने नोटिस में स्पष्ट किया कि रानी कपूर के कदम ट्रस्ट डीड की शर्तों और भारतीय ट्रस्ट अधिनियम, 1882 के प्रावधानों के खिलाफ हैं और इससे लाभार्थियों के हित प्रभावित हो रहे हैं। इसी आधार पर ट्रस्ट डीड की क्लॉज 8.11 का हवाला देते हुए उन्हें ट्रस्टी पद से हटाया गया है।

संजय कपूर की पत्नी प्रिया (बीच में) और मां रानी कपूर (दाएं)

अब नहीं रहेगा कोई अधिकार

नोटिस में साफ तौर पर कहा गया है कि 25 मार्च 2026 के बाद रानी कपूर का ट्रस्ट से जुड़े किसी भी निर्णय, संपत्ति, दस्तावेज या अन्य मामलों पर कोई अधिकार नहीं रहेगा। यदि इसके बाद वे ट्रस्ट के नाम पर कोई कार्रवाई करती हैं, तो उसे अमान्य माना जाएगा और कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है।

पहले रानी कपूर ने की थी प्रिया को हटाने की मांग

दिलचस्प बात यह है कि कुछ दिन पहले ही रानी कपूर ने भी प्रिय कपूर को ट्रस्टी पद से हटाने की मांग करते हुए एक औपचारिक नोटिस जारी किया था। ऐसे में दोनों पक्षों के बीच कानूनी टकराव और तेज हो गया है।

संजय कपूर ऑटो कंपोनेंट कंपनी सोना कॉमस्टार के चेयरमैन थे। उन्होंने साल 2003 में अभिनेत्री करिश्मा कपूर से शादी की थी। दोनों के दो बच्चे- समायरा और कियान हैं।

2014 में दोनों ने तलाक के लिए अर्जी दी थी, जिसे 2016 में अंतिम रूप दिया गया। इसके बाद संजय कपूर ने प्रिया सचदेव कपूर से शादी की, जिनसे उनका एक बेटा अज़ारियस है।