'कश्मीर हमारा था, हमारा ही रहेगा': सुनील शेट्टी ने पहलगाम अटैक पर कही दो टूक; बोले 'अगली छुट्टी वहीं मनेगी'

Suniel Shetty: पहलगाम में हुए आतंकी हमले ने देश को झकझोर कर दिया है। 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले में 26 पर्यटकों की मौत हो गई। इस घटना की जहां बॉलीवुड सितारे निंदा कर रहे हैं, वहीं 'बॉर्डर' अभिनेता सुनील शेट्टी ने लोगों से खास अपील की है। उन्होंने देश के नागरिकों से कहा कि वे अपनी अगली छुट्टियां कश्मीर घाटी में बिताएं, ताकि पर्यटन को बढ़ावा मिले और आतंकवादियों को यह दिखाया जा सके कि "हम उनसे डरते नहीं हैं"।
पहलगाम अटैक के बाद सुनील शेट्टी की अपील
हाल ही में लता दीनानाथ मंगेशकर पुरस्कार 2025 समारोह के दौरान मीडिया से बात करते हुए सुनील ने कहा- हमारे लिए मानवता की सेवा ही ईश्वर की सेवा है। सर्वशक्तिमान सब कुछ देखेगा और जवाब देगा। इस वक्त हमें भारतीयों के रूप में एकजुट रहने की जरूरत है। हमें उन लोगों के जाल में नहीं फंसना चाहिए जो डर और नफरत फैलाने की कोशिश कर रहे हैं, बल्कि एकजुट रहना चाहिए। उनको दिखाना है कि कश्मीर हमारा था, हमारा है, और हमेशा हमारा ही रहेगा। इसलिए सेना, नेता और हर कोई इस प्रयास में शामिल है।"
ये भी पढ़ें- म्यूजिक इंडस्ट्री में शोक: पहलगाम हमले के बाद श्रेया घोषाल, पापोन, समेत कलाकारों ने कॉन्सर्ट किए रद्द
सुनील शेट्टी ने आगे कहा, "हमें नागरिक होने के नाते यही करना है कि हमें ये फैसला करना होगा कि आज से अगली छुट्टी जो हम कश्मीर में मनाएं, कहीं और नहीं। उनको ये दिखाना है कि हमें डर नहीं है, और वक्त में डर नहीं है।" उन्होंने आगे कहा कि अगर उन्हें भविष्य में कश्मीर में शूटिंग करनी हो या घूमने जाना हो तो वो जरूर जाएंगे।
पहलगाम आतंकी हमले के बारे में
22 अप्रैल 2025 को पहलगाम के बैसरन मैदान में आतंकवादियों ने पर्यटकों पर हमला किया, जिसमें 25 भारतीय नागरिक और एक नेपाली नागरिक मारे गए। जबकि कई अन्य घायल हो गए। इस हादसे के बाद एक बार फिर पाकिस्तान और भारत के बीच संबंध खराब हो गए हैं।