Sonal Chauhan: टी20 वर्ल्ड कप फाइनल के दौरान अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में कई बॉलीवुड स्टार्स की मौजूदगी देखने को मिली थी। इसी दौरान एक खास पल देखने को मिला, जब बॉलीवुड अभिनेत्री सोनल चौहान को फैंस की ओर से अनोखा सरप्राइज मिला। मैच देखने पहुंची सोनल को देखकर स्टेडियम में मौजूद दर्शकों ने उनकी डेब्यू फिल्म ‘जन्नत’ का मशहूर गाना ‘जरा सा दिल में दे जगह तू’ गाना शुरू कर दिया। इसका वीडियो खउद सोनल ने शेयर किया है।
स्टेडियम में गूंजा सोनल की फिल्म का सुपरहिट गाना
सोनल चौहान वीआईपी गैलरी में बैठकर मैच का आनंद ले रही थीं। तभी आसपास बैठे कुछ दर्शकों ने उन्हें पहचान लिया। इसके बाद फैंस ने अचानक उनकी फिल्म 'जन्नत' का फेमस गाना गाना शुरू कर दिया। फैंस उनकी ओर हाथ हिलाते हुए 'जरा सी दिल में दे जगह तू...' गाना गाने लगे, इस मोमेंट को देख सोनल बेहद खुश हो गईं।
यह पल सोनल के लिए काफी खास बन गया। अभिनेत्री ने इस पूरे पल को अपने फोन में कैद किया और बाद में सोशल मीडिया पर शेयर भी किया। वीडियो में देखा जा सकता है कि सोनल फैंस की इस सरप्राइज से खुश होकर मुस्कुरा रही हैं और हाथ हिलाकर उनका अभिवादन कर रही हैं।
सोनल ने फैंस को कहा ‘थैंक यू’
वीडियो शेयर करते हुए सोनल चौहान ने इसे बेहद खास पल बताया। उन्होंने कैप्शन में लिखा कि यह उनके लिए बहुत ही स्पेशल मोमेंट था और वह पूरे पल को कैमरे में कैद नहीं कर पाईं।
सोनल ने लिखा कि जिस तरह फैंस ने उनका गाना गाया, वह उनके लिए बहुत भावुक कर देने वाला था। उन्होंने अहमदाबाद और गुजरात के लोगों का धन्यवाद करते हुए कहा कि फैंस का प्यार हमेशा उन्हें मुस्कुराने की वजह देता है।
‘जन्नत’ से शुरू हुआ था सोनल का बॉलीवुड सफर
सोनल चौहान ने साल 2008 में रिलीज हुई फिल्म ‘जन्नत’ से बॉलीवुड में कदम रखा था। इस रोमांटिक थ्रिलर फिल्म में उनके साथ अभिनेता इमरान हाशमी मुख्य भूमिका में थे। फिल्म का निर्देशन कुणाल देशमुख ने किया था, जबकि इसे मुकेश भट्ट ने प्रोड्यूस किया था।
आज भी हिट है ‘जरा सा दिल में दे जगह तू’
फिल्म जन्नत का गाना ‘जरा सा दिल में दे जगह तू’ उस समय का सुपरहिट ट्रैक बन गया था। इस गाने को दिवंगत गायक केके ने अपनी आवाज दी थी, जबकि इसका संगीत प्रीतम ने तैयार किया था और बोल सईद कादरी ने लिखे थे।