Golmaal 5: फिल्ममेकर रोहित शेट्टी अपनी अपकमिंग फिल्म ‘गोलमाल 5’ को लेकर इन दिनों चर्चा में हैं। हाल ही में कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि उनकी यह फिल्म 1980 की सुपरहिट कॉमेडी ‘दो और दो पांच’ से प्रेरित या उस पर आधारित हो सकती है। हालांकि अब इन खबरों पर रोहित शेट्टी की टीम ने सफाई दी है और चेतावनी भी जारी की।

टीम ने जारी किया आधिकारिक बयान

रोहित शेट्टी की टीम की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर चल रही ऐसी खबरें पूरी तरह गलत और भ्रामक हैं। बयान में स्पष्ट किया गया,
“हम यह साफ करना चाहते हैं कि ‘गोलमाल 5’ का फिल्म ‘दो और दो पांच’ से कोई संबंध नहीं है। इस तरह की खबरें तथ्यहीन हैं। हम सभी मीडिया संस्थानों से अपील करते हैं कि बिना आधिकारिक पुष्टि के कोई जानकारी प्रकाशित या साझा न करें।”

Rohit Shetty statement

टीम ने चेतावनी भी दी कि बिना पुष्टि की खबरें फैलाने पर मीडिया और अन्य प्लेटफॉर्मों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।

ऐसे फैली अफवाहें

दरअसल, इससे पहले एक रिपोर्ट में दावा किया गया था कि रोहित शेट्टी पुरानी कॉमेडी फिल्मों से प्रेरणा लेते हुए ‘गोलमाल 5’ को अमिताभ बच्चन और शशि कपूर की क्लासिक फिल्म ‘दो और दो पांच’ की तर्ज पर बनाने की योजना कर रहे हैं। रिपोर्ट में यह भी कहा गया था कि रोहित शेट्टी की पिछली कुछ फिल्मों में भी पुराने सिनेमा की झलक देखने को मिली थी। हालांकि अब टीम ने इन सभी दावों को सिरे से खारिज कर दिया है।

‘गोलमाल 5’ की स्टारकास्ट

खबरों के मुताबिक, अजय देवगन और अक्षय कुमार फिल्म में अहम भूमिकाओं में नजर आ सकते हैं। उनके साथ अरशद वारसी, कुणाल खेमू, शरमन जोशी, तुषार कपूर समेत फ्रेंचाइज़ी के कई पुराने चेहरे भी दिखाई दे सकते हैं। हालांकि मेकर्स की ओर से अब तक कास्ट को लेकर आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

रोहित शेट्टी की सुरक्षा को लेकर भी चर्चा
इस बीच, जनवरी के अंत में रोहित शेट्टी के मुंबई स्थित आवास के बाहर फायरिंग की घटना भी सामने आई थी, जिसकी जिम्मेदारी कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली थी। इसके बाद खबरें आईं कि ‘गोलमाल 5’ की शूटिंग के दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी और शूट से जुड़ी जानकारियां सीमित लोगों तक ही रखी जाएंगी।