Rishi Kapoor: हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता ऋषि कपूर के निधन के बाद उनके परिवार ने एक बड़ा कदम उठाया है।रिपोर्ट्स के मुताबिक, ऋषि कपूर की लीगेसी को बनाए रखने के लिए कपूर परिवार ने उनके नाम के कॉपीराइट हासिल कर लिए हैं। अब कपूर परिवार की अनुमति के बिना ऋषि कपूर के नाम का व्यावसायिक या सार्वजनिक उपयोग नहीं किया जा सकेगा।
अब बिना अनुमति नहीं हो सकेगा नाम का इस्तेमाल
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कपूर परिवार ने हाल ही में कानूनी तौर पर यह सुनिश्चित किया है कि अगर कोई व्यक्ति या संस्था 'ऋषि कपूर' नाम का इस्तेमाल किसी प्रोफेशनल, कमर्शियल या पब्लिक प्लेटफॉर्म पर करना चाहती है, तो इसके लिए पहले परिवार से अनुमति लेना जरूरी होगा।
सूत्रों के मुताबिक, यह फैसला इसलिए लिया गया है ताकि दिवंगत अभिनेता के नाम और इमेज का गलत फायदा न उठाया जा सके। परिवार का मानना है कि ऋषि कपूर भारतीय सिनेमा के सबसे प्रिय सितारों में से एक रहे हैं और उनके नाम का इस्तेमाल हमेशा सम्मानजनक तरीके से ही होना चाहिए।
2020 में हुआ था ऋषि कपूर का निधन
ऋषि कपूर का निधन 30 अप्रैल 2020 को 67 साल की उम्र में हुआ था। वह लंबे समय से ल्यूकेमिया जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। उनके निधन से फिल्म इंडस्ट्री और उनके प्रशंसकों को गहरा झटका लगा था।
ये भी पढ़ें- Lara Dutta: 'शायद ये मेरा आखिरी वीडियो हो...' जंग के बीच दुबई से भारत लौटीं लारा दत्ता, बताया डरावना मंजर
150 से ज्यादा फिल्मों में किया काम
अपने लंबे फिल्मी करियर में ऋषि कपूर ने 150 से अधिक फिल्मों में अभिनय किया। 1970 और 1980 के दशक में वह रोमांटिक हीरो के रूप में बेहद लोकप्रिय रहे।
उन्होंने अपने करियर की शुरुआत सुपरहिट फिल्म बॉबी से की थी, जिसने उन्हें रातोंरात स्टार बना दिया। बाद के वर्षों में उन्होंने कई दमदार किरदार निभाए और अग्निपथ, कपूर एंड सन्स और मुल्क जैसी फिल्मों में अपने अभिनय से नई पहचान बनाई।