Jubin Nautiyal Wedding: मशहूर सिंगर जुबिन नौटियाल ने शादी रचा ली है। अपनी प्राइवेट जिंदगी को हमेशा लाइमलाइट से दूर रखने वाले जुबिन ने अपनी बचपन की दोस्त के साथ गुपचुप शादी कर ली है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, जुबिन ने अपने होमटाउन उत्तराखंड में अपनी लॉन्ग टाइन गर्लफ्रेंड और बचपन के प्यार के साथ सीक्रेट वेडिंग की जिसमें केवल उनके परिवार और करीबी दोस्त शामिल हुए।
जुबिन ने बचपन के प्यार से की शादी
बताया जा रहा है कि इस शादी में बॉलीवुड इंडस्ट्री से किसी को भी आमंत्रित नहीं किया गया था। सोशल मीडिया पर सामने आई एक तस्वीर में जुबिन नौटियाल दूल्हे के लिबास में नजर आ रहे हैं, जबकि उनकी दुल्हन ने अपना चेहरा छुपा रखा है।कपल ने अपनी पर्सनल लाइफ को प्राइवेट रखने का फैसला किया है, इसलिए उन्होंने शादी को भी लो-की ही रखा।
अब तक जुबिन ने अपनी शादी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर नहीं की हैं। न ही उन्होंने अपनी दुल्हन का नाम या चेहरा रिवील किया है। ईटाइम्स के एक सूत्र के मुताबिक, "जुबिन ने ग्रैंड वेडिंग को अपनाते हुए प्राइवेट शादी करने का फैसला लिया। वह अपनी निजी जिंदगी को लेकर हमेशा से ही काफी प्राइवेट रहे हैं और उन्होंने इस खास दिन को सिर्फ अपने करीबी लोगों के साथ ही सेलिब्रेट करना पसंद किया।"
कौन हैं जुबिन नौटियाल?
जुबिन नौटियाल एक पॉपुलर प्लेबैक सिंगर हैं, जिन्होंने बॉलीवुड में 200 से अधिक गाने गाए हैं। उत्तराखंड के देहरादून के रहने वाले जुबिन 2011 में रियलिटी शो 'एक्स फैक्टर इंडिया' में नजर आए थे जहां से उन्हें काफी पहचान मिली। उन्होंने फिल्म 'सोनाली केबल' (2014) के गीत 'एक मुलाकात' से बॉलीवुड में डेब्यू किया, जिसके बाद उन्होंने फिल्म 'द शौकीन्स' के गीत 'मेहरबानी' से अपनी पहचान बनाई।
जुबिन ने बॉलीवुड को कई सुपरहिट गाने दिए हैं। 'तुम ही आना', 'रातां लंबियां', 'तुझे कितना चाहें' जैसे गानों ने उन्हें खास पहचान दिलाई है। इसके अलावा सलमान खान की फिल्म 'बजरंगी भाईजान' का गाना 'कुछ तो बता जिंदगी' और एल्बम सॉन्ग 'आंख उठी मोहब्बत' ने से उन्हें जबरदस्त पॉपुलैरिटी मिली।









