Nora Fatehi Song: अभिनेत्री नेरा फतेही के हालिया रिलीज गाने 'सरके चुनर तेरी सरके' को लेकर विवाद और भी गहरा गया है। सरकार ने इस गाने पर प्रतिबंध लगा दिया है। इसी बीच अब एक्ट्रेस नोरा फतेही के खिलाफ फतवा जारी हो गया है।
यूपी के अलीगढ़ में एक्ट्रेस के डांस नंबर 'सरके चुनर गाने' में आपत्तिजनक बोल और सीन्स को लेकर एक धार्मिक संस्था ने उनके खिलाफ फतवा जारी किया है। यह गाना कन्नड़ फिल्म KD: The Devil का हिस्सा है और रिलीज़ के बाद से ही सोशल मीडिया पर बहस का विषय बना हुआ है।
क्या है पूरा मामला
अलीगढ़ स्थित मुस्लिम पर्सनल दरुल इफ्ता ने इस गाने के बोल और विजुअल्स को ‘आपत्तिजनक’ और ‘इस्लामी शिक्षाओं के खिलाफ’ बताया है। संस्था के चीफ मुफ्ती मौलाना एब्रहिम हुसैन ने कहा कि इस तरह की सामग्री ‘हराम’ और ‘गुनाह-ए-कबीरा’ की श्रेणी में आती है। उनके अनुसार, ऐसे गानों में भाग लेना या उनका प्रचार करना धार्मिक सिद्धांतों के विपरीत है।
सरकार ने भी लगाया बैन
गाने को लेकर बढ़ते विवाद के बीच केंद्र सरकार ने भी सख्त कदम उठाया है। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने लोकसभा में जानकारी दी कि 'सरके चुनर' गाने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। इससे पहले भी कई संगठनों ने गाने को हटाने और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।
सोशल मीडिया पर बढ़ा विरोध
गाने के रिलीज़ होते ही इसके बोल और प्रस्तुति को लेकर सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली। कुछ यूजर्स ने इसे अश्लील बताया, तो कुछ ने धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया। इस विवाद ने इतना तूल पकड़ा कि संसद तक मामला पहुंच गया।
नोरा फतेही ने दी सफाई
विवाद के बीच नोरा फतेही ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो जारी कर अपनी सफाई दी। उन्होंने बताया कि यह गाना उन्होंने करीब तीन साल पहले शूट किया था और उस समय उन्हें इसके हिंदी वर्जन या बोलों की पूरी जानकारी नहीं थी।
नोरा के अनुसार, उन्होंने फिल्म में काम करने के लिए हां इसलिए कहा क्योंकि इसमें संजय दत्त जैसे बड़े कलाकार शामिल थे। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें लगा था कि यह एक पुराने आइकॉनिक गाने का रीमेक है।
फिल्म के बारे में
फिल्म KD: The Devil एक पीरियड एक्शन ड्रामा है, जो 1970 के दशक के बेंगलुरु की घटनाओं से प्रेरित बताई जा रही है। फिल्म का निर्देशन प्रेम ने किया है और इसमें ध्रुव सरजा, संजय दत्त, शिल्पा शेट्टी कुंद्रा समेत कई कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म 30 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज़ होने वाली है।