haribhoomi hindi news
बाबिल खान ने सोशल मीडिया पर अपने पिता इरफान खान की कुछ अनदेखी तस्वीरें शेयर कर एक भावुक याद साझा कीं। तस्वीरों में इरफान कैंसर ट्रीटमेंट के दौरान कमजोर दिखाई दे रहे हैं।

Irfan Khan Pics: दिवंगत अभिनेता इरफान खान की कमी केवल बॉलीवुड को ही नहीं बल्कि उनके फैंस को आज भी खलती है। 2020 में इरफान का कैंसर से निधन हो गया था। उनके बेटे बाबिल खान ने अपने पिता की याद में एक भावुक याद साझा की है, जिसने फैंस को इमोशनल कर दिया है। बाबिल ने हाल ही में सोशल मीडिया पर अपने पिता की कुछ अनदेखी तस्वीरें पोस्ट कीं और उनके साथ जुड़ी एक बेहद निजी और दिल छू लेने वाली कहानी भी बताई।

इरफान की अनदेखी झलक
बाबिल ने इंस्टाग्राम पर जो तस्वीरें साझा कीं, उनमें इरफान खान अपनी पत्नी सुतापा सिकदर के पैरों की देखभाल करते नजर आ रहे हैं। ये तस्वीरें उस समय की हैं जब इरफान कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। तस्वीरों में एक साधारण-सा पल दिखाई देता है, लेकिन उसके पीछे छिपी भावना बेहद गहरी है।

बाबिल ने अपने पोस्ट में लिखा- "बाबा के इलाज के दौरान उनकी मां सुतापा लगातार उनकी देखभाल में लगी रहती थीं, जिससे उनके पैरों में दर्दनाक कॉर्न (गांठें) हो गए थे। ऐसे मुश्किल समय में भी इरफान, खुद दर्द में होने के बावजूद, मम्मी की तकलीफ कम करने की कोशिश करते थे। बाबा अपने फोन को सिर पर बांधकर रोशनी का इंतजाम करते और फिर मां के पैरों का इलाज करते थे।"

कैंसर से जंग के बाद इरफान खान का निधन
गौरतलब है कि इरफान खान ने 2018 में बताया था कि वे न्यूरोएंडोक्राइन ट्यूमर जैसी दुर्लभ बीमारी से पीड़ित हैं। लंबे समय तक लंदन में इलाज कराने के बाद उन्होंने फिल्म ‘अंग्रेजी मीडियम’ की शूटिंग पूरी की थी। हालांकि, 29 अप्रैल 2020 को मुंबई में उनका निधन हो गया, जिससे फिल्म इंडस्ट्री को गहरा झटका लगा।

वहीं, बाबिल खान भी अब धीरे-धीरे फिल्म इंडस्ट्री में अपनी पहचान बना रहे हैं। उन्होंने 2022 में फिल्म ‘कला’ से अभिनय की शुरुआत की थी और हाल ही में साइबर थ्रिलर फिल्म ‘लॉगआउट’ में नजर आए थे।
 

7