Arjun Rampal Dhurandhar 2: हालिया रिलीज फिल्म 'धुरंधर: द रिवेंज' की सक्सेस की गूंज हर तरफ छाई हुई है। फिल्म में नजर आए बॉलीवुड अभिनेता अर्जुन रामपाल (Arjun Rampal) भी अपने किरदार के लिए काफी तारीफें बटोर रहे हैं। इसी बीच एक्टर ने हाल ही में 2008 के 26/11 के मुंबई आतंकी हमले को याद करते हुए उस खौफनाक रात का अनुभव साझा किया। उन्होंने बताया कि उस घटना ने उन्हें अंदर तक झकझोर दिया था और इसका असर लंबे समय तक उनकी जिंदगी पर बना रहा।
अर्जुन रामपाल का चौंकाने वाला खुलासा
मुंबई में आयोजित हेल्लो! हॉल ऑफ फेम अवॉर्ड्स के दौरान अर्जुन रामपाल ने बताया कि 26 नवंबर 2008 की रात वह मुंबई में ही मौजूद थे और अपने जन्मदिन की तैयारी में थे। एक्टर ने कहा- "26 नवंबर 2008 को मैं होटल (फोर सीजन्स, वर्ली) में था। मैं अपने दोस्तों को लेने आया था और मेरा जन्मदिन मनाने के लिए हम ताज होटल जा रहे थे। एक लड़का तैयार हो रहा था... हम बार में थे, हमने एक ड्रिंक ऑर्डर की और माहिम (वर्ली के पास) के पास पहला बम फटा। मैंने वह आवाज़ सुनी और मेरा गिलास हिल गया। हम सब हैरान रह गए कि 'यह क्या था?'"
होटल में फंसे रहे अर्जुन रामपाल
उन्होंने आगे कहा, "10 मिनट के भीतर हमारे फोन बजने लगे और हर कोई कह रहा था कि कोलाबा में गैंगवार छिड़ गई है और हमें वहां न जाने के लिए कहा गया। 20 से 30 मिनट में पूरे फोर सीजन्स होटल को घेर लिया गया। हमें उस रात होटल में ही रहने की अनुमति दी गई और बाहर न जाने के लिए कहा गया क्योंकि यह सुरक्षित नहीं था। अपने जन्मदिन पर मैंने 26/11 हमलों की भयावहता को अपनी आंखों के सामने देखा।"
अर्जुन ने आगे बताया कि अगली सुबह जब वह घर लौट रहे थे, तो रास्ते में कई बार उन्हें रुकना पड़ा क्योंकि वह मानसिक रूप से बेहद विचलित थे। यह घटना उनके दिलो-दिमाग पर गहरा असर छोड़ गई।
'धुरंधर' में लिया 26/11 का बदला
इसी अनुभव का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा- जब निर्देशक आदित्य धर ने मुझे फिल्म ‘धुरंधर’ में 26/11 से जुड़ा सीन सुनाया, तो लगा कि मैं इसके जरिए अपना बदला लेने वाला हूं, और मैंने 'धुरंधर' में वही किया। मैं बस इतना कहना चाहता हूँ, 'भारत माता की जय'।"
बताते चलें, फिल्म 'धुरंधर' और इसके सीक्वल 'धुरंधर: द रिवेंज' में अर्जुन रामपाल ने मेजर इकबाल का किरदार निभाया है, जो एक खतरनाक और चालाक ISI मास्टरमाइंड के रूप में दिखाया गया है। उनका यह किरदार फिल्म की कहानी में अहम भूमिका निभाता है।
फिल्म में रणवीर सिंह, आर. माधवन, राकेश बेदी और अन्य कलाकार भी नजर आए हैं। अर्जुन के इस दमदार निगेटिव रोल को दर्शकों से काफी सराहना मिली है।