Amitabh Bachchan: बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन न सिर्फ अपनी अदाकारी, बल्कि अपने विनम्र स्वभाव के लिए भी जाने जाते हैं। हर रविवार वह अपने घर के बाहर खड़े होकर फैंस का अभिवादन करते हैं। इस दौरान वह आसपास के पड़ोसियों की ओर भी हाथ हिलाकर उनका अभिवादन स्वीकार करते हैं। हाल ही में बिग बी ने अपने एक पड़ोसी की जिंदगी का यादगार सपना पूरा कर दिया।
अमिताभ बच्चन ने पड़ोसी को किया आमंत्रित
अमिताभ बच्चन के पड़ोसी निर्मित जेसरानी लंबे समय से उन्हें रविवार दर्शन के दौरान दूर से देखते आ रहे थे। उन्होंने इच्छा जताई थी कि काश उन्हें एक बार अमिताभ बच्चन से आमने-सामने मिलने का मौका मिल जाए। महानायक ने उनकी इस ख्वाहिश को सच कर दिखाया और उन्हें अपने घर ‘जलसा’ में इन्वाइट किया।
सोमवार को निर्मित ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा कर इस खास मुलाकात का अनुभव बताया। उन्होंने कहा कि 8 फरवरी की तारीख वह कभी नहीं भूल पाएंगे, क्योंकि उसी दिन उनकी अमिताभ बच्चन से मुलाकात हुई। निर्मित ने बताया कि बिग बी ने न सिर्फ उन्हें ऑटोग्राफ दिया, बल्कि अपनी तस्वीर वाला एक टी-शर्ट भी गिफ्ट की, जिसे वह बेहद खास मानते हैं।
हर रविवार अमिताभ बच्चन के घर के बाहर हजारों प्रशंसक उनकी एक झलक पाने के लिए इकट्ठा होते हैं। बिग बी कई बार अपने ब्लॉग्स में फैंस के इस प्यार और इंतजार के लिए आभार भी जता चुके हैं।
वर्क फ्रंट की बात करें तो
अमिताभ बच्चन जल्द ही फिल्म ‘कल्कि 2898 एडी’ के सीक्वल में नजर आने वाले हैं। नाग अश्विन के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में प्रभास और कमल हासन भी अहम भूमिकाओं में होंगे। पहली फिल्म में नजर आईं दीपिका पादुकोण इस सीक्वल का हिस्सा नहीं होंगी। खबरों के मुताबिक, उनकी जगह साई पल्लवी को कास्ट किया गया है, हालांकि मेकर्स की ओर से अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।










