राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (RBSE) ने कक्षा 9वीं और 11वीं की वार्षिक परीक्षाओं को लेकर वर्ष 2026 का परीक्षा कार्यक्रम जारी कर दिया है। बोर्ड के अनुसार, दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं 7 मार्च 2026 से शुरू होकर 19 मार्च 2026 तक चलेंगी। वहीं, इन परीक्षाओं का परिणाम 25 मार्च 2026 को घोषित किए जाने की संभावना है।
माध्यमिक शिक्षा निदेशालय ने बताया कि परीक्षा तिथियों में यह बदलाव नए शैक्षणिक सत्र 2026–27 को समय पर शुरू करने के उद्देश्य से किया गया है। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि नया अकादमिक सेशन 1 अप्रैल 2026 से शुरू होगा, इसी वजह से परीक्षा कैलेंडर में संशोधन किया गया है।
इसी बीच राजस्थान प्रारंभिक शिक्षा विभाग ने कक्षा 5वीं और 8वीं की परीक्षाओं के टाइम टेबल में भी आंशिक बदलाव किया है। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, गणित विषय की परीक्षा अब 6 मार्च को आयोजित की जाएगी। कक्षा 5वीं की गणित परीक्षा दोपहर 1:30 बजे से शाम 4 बजे तक होगी।
समग्र परीक्षा कार्यक्रम के मुताबिक कक्षा 8वीं की परीक्षाएं 19 फरवरी से 4 मार्च तक चलेंगी, जबकि कक्षा 5वीं की परीक्षाएं 20 फरवरी से 6 मार्च के बीच संपन्न कराई जाएंगी। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि मूक-बधिर छात्रों को परीक्षा के दौरान अतिरिक्त 50 मिनट का समय दिया जाएगा, ताकि वे बिना दबाव के प्रश्न हल कर सकें।
कक्षा 5 और 8 में ऑटोमैटिक प्रमोशन सिस्टम खत्म
राजस्थान बोर्ड ने शिक्षा व्यवस्था में बड़ा बदलाव करते हुए कक्षा 5वीं और 8वीं के लिए ऑटोमैटिक प्रमोशन सिस्टम को समाप्त कर दिया है। नए नियमों के तहत अब छात्रों को अगली कक्षा में जाने के लिए न्यूनतम पासिंग मार्क्स हासिल करना अनिवार्य होगा। तय अंक नहीं लाने वाले छात्रों को अगली कक्षा में प्रमोट नहीं किया जाएगा।
बोर्ड का कहना है कि यह फैसला छात्रों की पढ़ाई के स्तर को बेहतर बनाने और आगे की कक्षाओं में आने वाली कठिनाइयों को कम करने के लिए लिया गया है। हालांकि, ऐसे छात्रों को राहत देते हुए बोर्ड ने 45 दिनों के भीतर सुधार परीक्षा (री-एग्जाम) का मौका देने का प्रावधान भी किया है। इसके साथ ही कमजोर छात्रों के लिए विशेष रिमेडियल कक्षाएं भी संचालित की जाएंगी।









