CBSE Class 12 Exams Cancelled: सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (CBSE) ने मध्य पूर्व (Middle East) के देशों में स्थित अपने संबद्ध स्कूलों के लिए कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं को रद्द करने का ऐलान किया है। बोर्ड द्वारा आज सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी 'सर्कुलर-6' के अनुसार, क्षेत्र के बिगड़ते हालातों के मद्देनजर यह फैसला लिया गया है।
इन देशों में रद्द हुईं परीक्षाएं
सीबीएसई के नोटिस के मुताबिक, बहरीन, ईरान, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में 16 मार्च से 10 अप्रैल 2026 के बीच होने वाली सभी परीक्षाएं अब नहीं होंगी।
बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया कि इससे पहले 1, 3, 5, 7 और 9 मार्च को जिन परीक्षाओं को स्थगित (Postpone) किया गया था, उन्हें भी अब औपचारिक रूप से रद्द (Cancel) मान लिया गया है।
क्यों लिया गया यह फैसला?
सीबीएसई ने बताया कि संबंधित देशों के स्कूलों और स्थानीय अधिकारियों से मिले फीडबैक के आधार पर कई बार समीक्षा की गई। वर्तमान परिस्थितियों में परीक्षाएं आयोजित करना व्यावहारिक नहीं था, जिसके बाद छात्रों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए बोर्ड ने परीक्षाओं को आगे टालने के बजाय रद्द करने का निर्णय लिया।
ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद पूरे मीडिल ईस्ट में तनाव चरम पर है। ईरान ने इसके जवाब में तेल अवीव और मध्य पूर्व में अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है। हालांकि, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का दावा है कि ईरान की ताकत खत्म हो चुकी है, लेकिन जमीनी हकीकत में संघर्ष अभी भी जारी है। जिसका असर पर बोर्ड परीक्षाओं पर भी पड़ते दिखाई दे रहा है।
कैसे आएगा रिजल्ट?
परीक्षाएं रद्द होने के बाद छात्रों और अभिभावकों के मन में सबसे बड़ा सवाल रिजल्ट को लेकर है। बोर्ड ने अपने सर्कुलर में कहा है कि इन देशों के कक्षा 12वीं के उम्मीदवारों के लिए रिजल्ट घोषित करने के तरीके (Mode of Assessment) के बारे में उचित समय पर अलग से जानकारी दी जाएगी। संभावना जताई जा रही है कि छात्रों को इंटरनल असेसमेंट या पिछले प्रदर्शन के आधार पर अंक दिए जा सकते हैं।