haribhoomi hindi news
Pakistan stock market rally:अमेरिका-ईरान सीजफायर के बाद पाकिस्तान का KSE-100 इंडेक्स 12000 अंक उछला। तेज उछाल के चलते स्टॉक एक्सचेंज में ट्रेडिंग रोकनी पड़ी। वैश्विक तनाव कम होने से निवेशकों का भरोसा लौटा है।

Pakistan stock market rally: अमेरिका और ईरान के बीच युद्धविराम की खबर का असर सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि पड़ोसी देश पाकिस्तान के शेयर बाजार पर भी जोरदार तरीके से दिखा। केएसई-100 इंडेक्स ने 8 अप्रैल को इंट्राडे ट्रेडिंग के दौरान इतिहास की सबसे बड़ी छलांग लगाई और 12 हजार से ज्यादा अंकों की बढ़त दर्ज की।

स्थानीय अखबार डॉन की रिपोर्ट के मुताबिक, सुबह 9:37 बजे तक केएसई-100 इंडेक्स 12362.38 अंक यानी 8.15% उछलकर 164035 के स्तर पर पहुंच गया। यह इस इंडेक्स के इतिहास में अब तक की सबसे बड़ी एकदिनी बढ़त (एब्सोल्यूट टर्म्स में) मानी जा रही।

पाकिस्तान स्टॉक एक्सचेंज में रोकनी पड़ी ट्रेडिंग
तेजी इतनी तेज थी कि स्टॉक एक्सचेंज के नियमों के तहत कुछ ही देर में ट्रेडिंग को अस्थायी रूप से रोकना पड़ा। आमतौर पर इतनी बड़ी उछाल या गिरावट आने पर बाजार में स्थिरता बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया जाता है।

पाकिस्तान के शेयर बाजार में तूफानी तेजी
इस रैली की सबसे बड़ी वजह अमेरिका और ईरान के बीच दो हफ्ते के अस्थायी युद्धविराम की घोषणा रही। डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिका दो हफ्तों के लिए ईरान पर सैन्य कार्रवाई रोक देगा, बशर्ते ईरान वैश्विक तेल आपूर्ति के अहम मार्ग स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को सुरक्षित और खुला रखे।

होर्मुज स्ट्रेट को खोलेगा ईरान
इस पर अब्बास अघाराची ने भी पुष्टि की कि ईरान दो हफ्तों के लिए इस समुद्री मार्ग से जहाजों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करेगा। यह स्ट्रेट दुनिया के लिए बेहद अहम है, क्योंकि यहीं से बड़ी मात्रा में तेल की सप्लाई होती है।

दरअसल, पिछले कुछ हफ्तों से पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के कारण पाकिस्तान स्टॉक एक्सचेंज में भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा था। निवेशक अनिश्चितता के चलते सतर्क थे, जिससे बाजार में कमजोरी भी आई थी।

2 मार्च को स्टॉक एक्सचेंज 16 हजार अंक गिरा था
7 अप्रैल को भी केएसई-100 इंडेक्स में उतार-चढ़ाव के बाद हल्की तेजी देखने को मिली थी और यह 465.64 अंक चढ़कर बंद हुआ था। वहीं इससे पहले 2 मार्च को बाजार में भारी गिरावट आई थी, जब ईरान के सुप्रीम लीडर अली खामेनई की कथित हत्या की खबर के बाद इंडेक्स 16089 अंक यानी 9.57% टूट गया था। यह बाजार की सबसे बड़ी गिरावटों में से एक थी।

अब ताजा युद्धविराम समझौते ने निवेशकों का भरोसा लौटाया है। माना जा रहा है कि इससे वैश्विक तनाव कम होगा और आर्थिक गतिविधियों को सहारा मिलेगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिका और ईरान के बीच आगे की बातचीत इस्लामाबाद में हो सकती है।

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने कहा कि यह युद्धविराम तुरंत प्रभाव से लागू होगा और इसका उद्देश्य दोनों देशों के बीच स्थायी समझौते की दिशा में बातचीत को आगे बढ़ाना है। कुल मिलाकर, भू-राजनीतिक तनाव में आई नरमी ने पाकिस्तान के शेयर बाजार में जबरदस्त तेजी ला दी है और निवेशकों में एक बार फिर भरोसा पैदा किया है।

(प्रियंका कुमारी)

7