Closing Bell: लगातार दूसरे दिन भारतीय शेयर बाजार में तेजी दर्ज की गई। सेंसेक्स 568 अंक चढ़कर 76070 पर बंद हुआ जबकि निफ्टी 23550 के पार क्लोज हुआ। वैल्यू बाइंग और एशियाई बाजारों से मिले सपोर्ट से तेजी आई।

Closing Bell: शेयर बाजार में लगातार दूसरे दिन तेजी देखने को मिली। मंगलवार को बाजार ने मजबूती के साथ कारोबार खत्म किया, जिससे निवेशकों के चेहरे खिल उठे। बीएसई का सेंसेक्स 567.99 अंकों यानी 0.75% की बढ़त के साथ 76070.84 पर बंद हुआ। वहीं एनएसई का निफ्टी 50 172.35 अंक चढ़कर 23581.15 के स्तर पर पहुंच गया।

लगातार दूसरे दिन आई इस तेजी के पीछे कई अहम वजहें रहीं,जिनमें सबसे बड़ा कारण वैल्यू बाइंग रहा। बाजार में गिरावट के बाद निवेशकों ने सस्ते शेयरों में खरीदारी शुरू की,जिससे ऑटो,मेटल और रियल्टी सेक्टर में अच्छी तेजी देखने को मिली। इन सेक्टर्स के शेयरों में आई खरीदारी ने पूरे बाजार को ऊपर खींचने का काम किया।

लगातार दूसरे दिन बाजार में तेजी
इसके अलावा, एशियाई बाजारों से भी सकारात्मक संकेत मिले। जापान का निक्केई 225 इंडेक्स करीब 0.4% चढ़ा जबकि दक्षिण कोरिया का कोस्पी 2.4% की मजबूत बढ़त के साथ ट्रेड करता दिखा। ग्लोबल मार्केट का यह सपोर्ट भारतीय बाजार के लिए बड़ा बूस्टर साबित हुआ।

बाजार में निवेशकों का भरोसा लौटता दिख रहा
एक और अहम फैक्टर रहा- वोलैटिलिटी में कमी। इंडिया विक्स यानी फियर इंडेक्स करीब 6% गिरकर 20.32 के स्तर पर आ गया। इसका मतलब है कि निवेशकों के बीच अनिश्चितता कम हुई है और बाजार को लेकर भरोसा बढ़ा।

विशेषज्ञों का मानना है कि जब VIX गिरता है, तो बाजार में स्थिरता आती है और निवेशक ज्यादा आत्मविश्वास के साथ निवेश करते हैं। यही वजह है कि बाजार में लगातार खरीदारी देखने को मिल रही है। हालांकि, बाजार की आगे की चाल काफी हद तक ग्लोबल संकेतों, कच्चे तेल की कीमतों और विदेशी निवेशकों के रुख पर निर्भर करेगी।

फिलहाल, दो दिन की इस तेजी ने बाजार में पॉजिटिव माहौल जरूर बना दिया है। निवेशकों को उम्मीद है कि अगर यही ट्रेंड जारी रहा, तो आने वाले दिनों में बाजार नए स्तर छू सकता है।
(प्रियंका कुमारी)