नई दिल्ली। गुरुवार को मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई। अमेरिकी फेडरल रिजर्व की हालिया बैठक के मिनट्स में संकेत मिला है कि महंगाई को 2% के लक्ष्य तक लाने के लिए आगे भी ब्याज दरें बढ़ाई जा सकती हैं। इस सख्त रुख ने निवेशकों के मूड को प्रभावित किया और बुलियन मार्केट पर दबाव बना। इसके साथ ही मध्य पूर्व में जारी तनाव ने भी बाजार में अनिश्चितता बढ़ाई है। घरेलू वायदा बाजार में मई 2026 डिलीवरी वाली चांदी की कीमत लगभग 5,000 रुपए प्रति किलो तक गिर गई।
MCX पर चांदी में गिरावट, सोना भी फिसला
घरेलू वायदा बाजार में चांदी में 5 हजार रुपए तक की गिरावट देखने को मिली, वहीं जून 2026 डिलीवरी के लिए सोने के वायदा भाव 1,229 रुपये, या 0.8%, गिरकर 1,50,647 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गए। निवेशक फिलहाल सतर्क रुख अपना रहे हैं और बड़े निवेश से बच रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अमेरिका-ईरान युद्धविराम को लेकर स्थिति अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। इजराइल और हिजबुल्लाह के बीच तनाव और ऊर्जा आपूर्ति पर खतरे ने निवेशकों की चिंता बढ़ाई है। ऐसे हालात में बाजार में उतार-चढ़ाव बना हुआ है और निवेशक सुरक्षित विकल्पों की तलाश में हैं।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में दिखा मिला-जुला रुख
ग्लोबल मार्केट में सोने की कीमतें लगभग स्थिर रहीं, जबकि चांदी में हल्की गिरावट देखी गई। डॉलर की मजबूती और बॉन्ड यील्ड में बढ़ोतरी ने सोने की चमक को थोड़ा कम किया है। हालांकि भू-राजनीतिक जोखिम अभी भी सोने को सपोर्ट दे रहे हैं, जिससे बड़ी गिरावट सीमित रही। विशेषज्ञों के अनुसार, एमसीएक्स पर सोने के लिए 1,50,000 रुपए प्रति 10 ग्राम के आसपास मजबूत सपोर्ट है। वहीं 1,53,000 रुपए के स्तर पर रेजिस्टेंस देखने को मिल सकता है। कुल मिलाकर ट्रेंड अभी भी पॉजिटिव माना जा रहा है, लेकिन बीच-बीच में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है।
जानें देश के अन्य शहरों में क्या हैं आज रेट
देश के प्रमुख शहरों में सोने के दाम अलग-अलग स्तर पर बने हुए हैं। दिल्ली में 24 कैरेट सोने का भाव ₹1,51,630 प्रति 10 ग्राम है, जबकि 22 कैरेट सोना ₹1,39,000 और 18 कैरेट ₹1,13,760 पर मिल रहा है। मुंबई और कोलकाता में कीमतें लगभग समान हैं, जहां 24 कैरेट सोना ₹1,51,480 और 22 कैरेट ₹1,38,850 पर कारोबार कर रहा है। चेन्नई में सोने की कीमतें अन्य शहरों की तुलना में थोड़ी अधिक हैं। यहां 24 कैरेट सोना ₹1,52,730 और 22 कैरेट ₹1,40,000 प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया।
मध्य भारत में कीमतों में ज्यादा अंतर नहीं
लखनऊ, कानपुर और जयपुर जैसे शहरों में भी कीमतें दिल्ली के समान हैं, जहां 24 कैरेट सोना ₹1,51,630 और 22 कैरेट ₹1,39,000 के आसपास बना हुआ है। पटना में सोने का भाव थोड़ा कम है, जहां 24 कैरेट ₹1,51,530 और 22 कैरेट ₹1,38,900 है। इंदौर और भोपाल में भी लगभग यही स्तर देखने को मिल रहा है, जो दर्शाता है कि मध्य भारत में कीमतों में ज्यादा अंतर नहीं है।