Electric Scooter: भारत में इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को नई पहचान देने वाली टीवीएस मोटर (TVS Motor) अब ग्लोबल लेवल पर भी अपनी मौजूदगी दर्ज कर रही है। इसी कड़ी में TVS का लोकप्रिय इलेक्ट्रिक स्कूटर iQube अब यूरोप के ऐतिहासिक शहर वेटिकन सिटी की सड़कों पर भी नजर आएगा। कंपनी ने वेटिकन सिटी स्टेट के गवर्नर को दो TVS iQube इलेक्ट्रिक स्कूटर सौंपे हैं। यह पहल TVS मोटर इटालिया और एक्सेलेंटिया के बीच सहयोग के तहत की गई है, जिसका उद्देश्य जीरो-एमिशन मोबिलिटी को बढ़ावा देना है।
जीरो-एमिशन मोबिलिटी की दिशा में अहम कदम
वेटिकन सिटी स्टेट अपने पर्यावरणीय लक्ष्यों को ध्यान में रखते हुए जीरो-एमिशन मोबिलिटी को बढ़ावा दे रहा है। यहां के अनूठे और ऐतिहासिक माहौल को देखते हुए ऐसे वाहनों की जरूरत है, जो शांत, भरोसेमंद और पर्यावरण के अनुकूल हों। TVS iQube इलेक्ट्रिक स्कूटर को इसी सोच के तहत चुना गया है, क्योंकि यह मॉडर्न टेक्नोलॉजी और साइलेंट परफॉर्मेंस का बेहतरीन संयोजन प्रदान करता है।
TVS मोटर कंपनी ने आधिकारिक तौर पर वेटिकन प्रशासन को दो iQube स्कूटर सौंपे हैं, जो वहां के शहरी उपयोग और छोटे दायरे में यात्रा के लिए उपयुक्त माने जा रहे हैं।
अर्बन इलेक्ट्रिक मोबिलिटी पर जोर
TVS मोटर इटालिया के जनरल मैनेजर जियोवानी नोटारबार्टोलो डी फर्नारी के मुताबिक, वेटिकन जैसी प्रतिष्ठित जगह पर iQube की तैनाती कंपनी के अर्बन इलेक्ट्रिक मोबिलिटी विजन को दर्शाती है। यह स्कूटर विश्वसनीयता, आसान उपयोग और वर्ल्ड-क्लास क्वालिटी का प्रतीक है। वहीं, एक्सेलेंटिया के फाउंडर जियोवानी जैप्पिया ने कहा कि यह साझेदारी जीरो-एमिशन ट्रांसपोर्ट को बढ़ावा देने की दिशा में एक मजबूत कदम है।
कीमत और खासियत
भारतीय बाजार में TVS iQube सबसे लोकप्रिय इलेक्ट्रिक स्कूटर्स में से एक है। इसकी एक्स-शोरूम कीमत 1.11 लाख रुपये से शुरू होती है। iQube S की कीमत 1.39 लाख रुपये और iQube ST की कीमत 1.61 लाख रुपये से शुरू होती है। इसमें 2.2 kWh से 5.3 kWh तक के बैटरी पैक मिलते हैं, जो एक बार चार्ज करने पर 95 से 212 किलोमीटर तक की रेंज देते हैं।
(मंजू कुमारी)
