Tesla Cars: अमेरिकी इलेक्ट्रिक वाहन निर्माता टेस्ला (Tesla) ने पंजाब में अपनी मौजूदगी बढ़ाते हुए लुधियाना में पहला पॉप-अप स्टोर खोलने का ऐलान किया है। यह स्टोर Pavilion Mall Ludhiana में लगाया जाएगा, जहां कंपनी अपनी लोकप्रिय इलेक्ट्रिक एसयूवी Tesla Model Y के प्रीमियम वेरिएंट को प्रदर्शित करेगी। यह विशेष प्रदर्शनी 6 मार्च से 12 मार्च तक चलेगी, जिसमें लोग कार को करीब से देखने के साथ-साथ टेस्ट ड्राइव का भी अनुभव ले सकेंगे।
दुनिया की सबसे ज्यादा बिकने वाली कारों में शामिल
Tesla Model Y Premium पिछले तीन वर्षों यानी 2023, 2024 और 2025 में दुनिया की सबसे ज्यादा बिकने वाली कारों में शामिल रही है। अमेरिका, यूरोप, ऑस्ट्रेलिया और चीन जैसे बड़े बाजारों में इस इलेक्ट्रिक एसयूवी को कई प्रतिष्ठित सुरक्षा एजेंसियों से हाई सेफ्टी रेटिंग मिल चुकी है। Tesla का दावा है कि इसके सुपरचार्जर नेटवर्क की मदद से यह कार केवल 15 मिनट की चार्जिंग में लगभग 267 किलोमीटर तक की ड्राइविंग रेंज देने में सक्षम है।
लुधियाना में टेस्ला एक्सपीरियंस
पवेलियन मॉल में बने इस पॉप-अप स्टोर पर Tesla के एक्सपर्ट्स ग्राहकों को कार के फीचर्स और टेक्नोलॉजी के बारे में विस्तार से जानकारी देंगे। वहीं, मॉल की पार्किंग में टेस्ट ड्राइव की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। इच्छुक ग्राहक सुबह 11 बजे से रात 8 बजे के बीच टेस्ट ड्राइव ले सकते हैं। इसके अलावा Tesla India की आधिकारिक वेबसाइट के जरिए पहले से टाइम स्लॉट भी बुक किया जा सकता है।
सस्ती चार्जिंग और खास ऑफर
Tesla का लक्ष्य भारत के अलग-अलग शहरों में अपनी पहुंच बढ़ाना है। कंपनी के अनुसार यदि ग्राहक भारत में Tesla Model Y खरीदते हैं तो उन्हें घर पर लगाने के लिए चार्जिंग कनेक्टर मुफ्त दिया जाएगा। घर पर चार्ज करने पर इसका खर्च लगभग 1 रुपये प्रति किलोमीटर तक आ सकता है, जो पेट्रोल और डीजल कारों के मुकाबले काफी किफायती है।
कीमत और फाइनेंस विकल्प
Tesla Model Y Premium की शुरुआती कीमत लगभग 59.89 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) रखी गई है। कंपनी पुरानी पेट्रोल या डीजल कार एक्सचेंज करने पर करीब 3 लाख रुपये तक का अतिरिक्त लाभ भी दे रही है। वहीं, फाइनेंस विकल्प के तहत इस इलेक्ट्रिक एसयूवी को लगभग 49,000 रुपये की मासिक EMI और करीब 6 लाख रुपये के डाउन पेमेंट पर खरीदा जा सकता है।
(मंजू कुमारी)










