Super Sport Bike: चीनी मोटरसाइकिल निर्माता QJ Motor ने यूरोपीय बाजार के लिए अपनी नई सुपरस्पोर्ट बाइक QJ Motor SRK 421 RR पेश की है। यह बाइक मिडलवेट सुपरस्पोर्ट सेगमेंट में उतारी गई है और इसे खास तौर पर Kawasaki Ninja ZX-4RR जैसी जापानी बाइक्स के किफायती विकल्प के रूप में पेश किया गया है। इस मॉडल के जरिए कंपनी यूरोप में अपनी मौजूदगी को और मजबूत करना चाहती है और ऐसे राइडर्स को आकर्षित करना चाहती है जो इनलाइन-फोर इंजन वाली स्पोर्ट बाइक चाहते हैं लेकिन ज्यादा कीमत नहीं देना चाहते।
स्पोर्टी और आक्रामक डिजाइन
SRK 421 RR को पूरी तरह स्पोर्टी और आक्रामक स्टाइल के साथ डिजाइन किया गया है। इसके फ्रंट में ड्यूल-LED हेडलाइट्स, बीच में एयर इनटेक और स्पोर्टी विंडस्क्रीन दी गई है।फ्रंट काउल से आगे बढ़ते हुए मल्टी-लेयर साइड फेयरिंग्स दिखाई देती हैं, जो स्कल्प्टेड फ्यूल टैंक से जुड़ती हैं। वहीं पीछे की तरफ अपस्वेप्ट टेल सेक्शन और स्प्लिट-सीट सेटअप इसे क्लासिक सुपरस्पोर्ट लुक देते हैं।
दमदार इंजन और परफॉर्मेंस
इस बाइक की सबसे बड़ी खासियत इसका 421cc लिक्विड-कूल्ड इनलाइन-फोर इंजन है। यह इंजन लगभग 78 bhp की पावर 14,000 rpm पर और 39 Nm का टॉर्क 13,000 rpm पर पैदा करता है।इसे 6-स्पीड गियरबॉक्स के साथ जोड़ा गया है। बाइक में स्टील और एल्यूमिनियम से बना ट्रेलिस-स्टाइल कंपोजिट फ्रेम दिया गया है, जो मजबूती और हल्के वजन के बीच अच्छा संतुलन बनाता है।
सस्पेंशन और ब्रेकिंग
SRK 421 RR में पूरी तरह एडजस्टेबल USD फ्रंट फोर्क्स दिए गए हैं, जबकि पीछे की तरफ मार्जोची का मोनोशॉक सस्पेंशन मिलता है।ब्रेकिंग के लिए इसमें ब्रेम्बो के कंपोनेंट्स दिए गए हैं। फ्रंट में ट्विन 300mm डिस्क ब्रेक और चार-पिस्टन कैलिपर मिलते हैं, जबकि पीछे 240mm डिस्क ब्रेक और दो-पिस्टन कैलिपर दिया गया है।
फीचर्स और टेक्नोलॉजी
टेक्नोलॉजी के मामले में इस बाइक में TFT डिस्प्ले और सेलेक्टेबल राइडिंग मोड्स दिए गए हैं। राइडर नॉर्मल और स्पोर्ट मोड के बीच स्विच कर सकते हैं। इन मोड्स के अनुसार थ्रॉटल रिस्पॉन्स, ट्रैक्शन कंट्रोल और ABS सेटिंग बदल जाती है।
कीमत और मुकाबला
यूरोपीय बाजार में SRK 421 RR की शुरुआती कीमत लगभग GBP 5,299 (करीब 6.49 लाख रुपये) रखी गई है। वहीं Kawasaki Ninja ZX-4RR की कीमत GBP 8,799 है।यह बाइक अपने जापानी प्रतिद्वंद्वी से करीब GBP 3,500 सस्ती है, जो इसे सुपरस्पोर्ट सेगमेंट में एक आकर्षक विकल्प बना सकती है।
(मंजू कुमारी)