haribhoomi hindi news
7-Seater MPV: निसान ग्रेवाइट चेन्नई स्थित प्लांट में लोकल लेवल पर मैन्युफैक्चर होगी। निसान टियर-1 और टियर-2 शहरों में अपने डीलर नेटवर्क का विस्तार भी कर रही है, जिससे ग्राहकों को बेहतर सर्विस और पहुंच मिल सके।

7-Seater MPV: निसान मोटर इंडिया प्राइवेट लिमिटेड ने ₹5.65 लाख की शुरुआती कीमत पर अपनी नई 7-सीटर एमपीवी ग्रेवाइट (Nissan Gravite) लॉन्च करने की घोषणा की है। इस लॉन्च के साथ कंपनी ने भारत में अपने ब्रांड रीसर्जेंस यानी पुनरुत्थान की रणनीति की मजबूत शुरुआत की है। लॉन्च कार्यक्रम उदयपुर में आयोजित किया गया, जहां कंपनी ने इसे भारतीय परिवारों की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया प्रोडक्ट बताया।

कंपनी के मुताबिक यह मॉडल भारत की तेजी से बदलती मोबिलिटी जरूरतों और बड़े परिवारों के उपयोग को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है। ग्रेवाइट में 2 से 7 सीटिंग कॉन्फिगरेशन का विकल्प दिया गया है, जिससे इसे जरूरत के हिसाब से इस्तेमाल किया जा सकता है। साथ ही इसमें बेहतर मॉड्यूलैरिटी और ज्यादा लगेज स्टोरेज क्षमता दी गई है, जो इसे फैमिली कार के तौर पर मजबूत बनाती है।

एडवांस कनेक्टिविटी फीचर्स
सुरक्षा के लिहाज से इसमें 6 एयरबैग, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल, ट्रैक्शन कंट्रोल सिस्टम, हिल स्टार्ट असिस्ट और ब्रेक असिस्ट जैसे फीचर्स दिए गए हैं। कंपनी का दावा है कि इसमें 30 से ज्यादा स्टैंडर्ड सेफ्टी फीचर्स दिए गए हैं, जो हर तरह की ड्राइविंग कंडीशन में सुरक्षा सुनिश्चित करते हैं। टेक्नोलॉजी फीचर्स की बात करें तो इसमें वायरलेस एंड्रॉयड ऑटो और एप्पल कारप्ले सपोर्ट वाला इंफोटेनमेंट सिस्टम, डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, वायरलेस चार्जर और एडवांस कनेक्टिविटी फीचर्स शामिल हैं।

“मेड इन इंडिया, मेड फॉर इंडिया” 
ग्रेवाइट को चेन्नई स्थित प्लांट में लोकल स्तर पर मैन्युफैक्चर किया जाएगा। यह कदम भारत को लेकर कंपनी की लंबी अवधि की रणनीति और प्रतिबद्धता को दर्शाता है। साथ ही कंपनी टियर-1 और टियर-2 शहरों में अपने डीलर नेटवर्क का विस्तार भी कर रही है, जिससे ग्राहकों को बेहतर सर्विस और पहुंच मिल सके। कंपनी अधिकारियों के अनुसार निसान मोटर कंपनी की ग्लोबल रणनीति में भारत अहम बाजार के रूप में उभर रहा है। ग्रेवाइट को “मेड इन इंडिया, मेड फॉर इंडिया” सोच के साथ तैयार किया गया है, जिससे देश के ग्राहकों की जरूरतों को पूरा किया जा सके।

इस एमपीवी में 1.0 लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन दिया गया है, जो बेहतर माइलेज और स्मूद ड्राइविंग अनुभव देने के लिए ट्यून किया गया है। कंपनी को उम्मीद है कि यह मॉडल एमपीवी सेगमेंट में मजबूत प्रतिस्पर्धा पेश करेगा और भारतीय बाजार में ब्रांड की स्थिति को और मजबूत बनाएगा।


(मंजू कुमारी)

7